वाराणसी : मल्लिकार्जुन खरगे के अपमान के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन, राहुल गांधी पर दर्ज एफआईआर वापस लेने की मांग

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। हल्द्वानी में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के कथित अपमान और उनके समर्थन में आवाज उठाने पर राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज मुकदमे के विरोध में सोमवार को महानगर कांग्रेस कमेटी ने प्रदर्शन किया। महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे के नेतृत्व में दर्जनों कांग्रेस कार्यकर्ता सेबागेश्वरी मंदिर से जुलूस निकालकर जैतपुरा थाने की ओर बढ़े। रास्ते में पुलिस ने जुलूस को रोक दिया। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने जैतपुरा थाना प्रभारी उपेंद्र प्रताप सिंह को राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा। 

कांग्रेस नेताओं ने मांग की कि हल्द्वानी में राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज एफआईआर को तत्काल निरस्त किया जाए। साथ ही राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को कथित तौर पर अपमानित करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। कार्यकर्ताओं ने कहा कि पार्टी नेताओं के सम्मान और लोकतांत्रिक अधिकारों के सवाल पर कांग्रेस आवाज उठाती रहेगी।

123

प्रदर्शन के दौरान महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने वाराणसी में जलभराव की समस्या को लेकर क्षेत्रीय विधायक और नगर निगम प्रशासन पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि लगातार सफाई व्यवस्था दुरुस्त होने का दावा करते हैं, जबकि नगर निगम का आईटी सेल भी जलभराव की शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई का दावा करते हुए सोशल मीडिया पर पोस्ट करता है। इसके बावजूद शहर के कई इलाकों में स्थिति जस की तस बनी हुई है।

महानगर अध्यक्ष ने कहा कि संबंधित इलाके में 17 अगस्त से जलभराव की समस्या बनी हुई है। लंबे समय से पानी जमा रहने के कारण स्थानीय लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही है और जनजीवन प्रभावित है। उन्होंने प्रशासन से मौके पर तत्काल कार्रवाई कर जलनिकासी की व्यवस्था कराने की मांग की। प्रदर्शन में सतनाम सिंह, आकाश त्रिपाठी समेत दर्जनों कार्यकर्ता शामिल रहे। कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि जनसमस्याओं के समाधान और पार्टी नेताओं के सम्मान के मुद्दे पर उनका विरोध जारी रहेगा।

Share this story