वाराणसी : मतदान केंद्रों के प्रस्तावित बदलाव पर कांग्रेस का विरोध, कहा- मतदाताओं की सुविधा से न हो समझौता

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। महानगर कांग्रेस कमेटी ने वाराणसी जनपद में वर्षों से संचालित मतदान स्थलों (पोलिंग बूथों) को अन्य स्थानों पर स्थानांतरित किए जाने के प्रस्ताव का कड़ा विरोध जताया है। इस मुद्दे को लेकर महानगर कांग्रेस अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे (एडवोकेट) के नेतृत्व में पार्टी के एक प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी को संबोधित ज्ञापन सौंपते हुए प्रस्तावित बदलाव पर पुनर्विचार करने की मांग की।

कांग्रेस नेताओं का कहना है कि मतदान प्रत्येक नागरिक का संवैधानिक और लोकतांत्रिक अधिकार है। निर्वाचन आयोग का उद्देश्य प्रत्येक पात्र मतदाता को स्वतंत्र, निष्पक्ष और सुगम वातावरण में मतदान का अवसर उपलब्ध कराना है। ऐसे में लंबे समय से निर्धारित और मतदाताओं के लिए सुविधाजनक मतदान स्थलों को बिना किसी स्पष्ट एवं सार्वजनिक कारण के बदलना लोकतांत्रिक प्रक्रिया की भावना के अनुरूप नहीं है।

123

ज्ञापन में कहा गया है कि यदि पुराने मतदान केंद्रों को स्थानांतरित किया गया तो इसका सबसे अधिक असर वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगजनों, महिलाओं तथा आर्थिक एवं सामाजिक रूप से कमजोर वर्ग के मतदाताओं पर पड़ेगा। नए मतदान केंद्रों तक पहुंचने में उन्हें अतिरिक्त कठिनाइयों का सामना करना पड़ सकता है, जिससे मतदान प्रतिशत भी प्रभावित होने की आशंका है।

महानगर कांग्रेस कमेटी ने जिला निर्वाचन अधिकारी के समक्ष कई महत्वपूर्ण मांगें भी रखी हैं। पार्टी ने आग्रह किया है कि वाराणसी के सभी पुराने मतदान स्थलों को यथावत रखा जाए। यदि किसी विशेष परिस्थिति में किसी मतदान केंद्र का स्थान बदलना अनिवार्य हो, तो उसके पीछे का स्पष्ट और लिखित कारण सार्वजनिक किया जाए। साथ ही संबंधित क्षेत्र के नागरिकों और मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों से आपत्तियां एवं सुझाव प्राप्त करने के बाद ही अंतिम निर्णय लिया जाए।

कांग्रेस ने यह भी मांग की कि निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों तथा निष्पक्ष, पारदर्शी और स्वतंत्र चुनाव की संवैधानिक व्यवस्था का पूरी तरह पालन किया जाए। पार्टी का कहना है कि मतदान केंद्रों से जुड़े किसी भी निर्णय पर राजनीतिक या बाहरी दबाव का प्रभाव नहीं होना चाहिए और केवल जनहित तथा मतदाताओं की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जानी चाहिए।

ज्ञापन सौंपने के बाद कांग्रेस नेताओं ने विश्वास जताया कि जिला निर्वाचन प्रशासन लोकतांत्रिक मूल्यों और निर्वाचन आयोग के नियमों के अनुरूप निष्पक्ष निर्णय लेते हुए मतदाताओं के हितों की रक्षा करेगा। इस अवसर पर महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे के साथ फसाहत हुसैन बाबू, सतनाम सिंह, रामजी गुप्ता, डॉ. राजेश गुप्ता सहित पार्टी के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Share this story