वाराणसी : अपराध, भ्रष्टाचार और महिला सुरक्षा पर कांग्रेस का सरकार पर हमला, भाजपा पर दुष्प्रचार का आरोप
वाराणसी। उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था, महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराध और कथित भ्रष्टाचार को लेकर कांग्रेस ने योगी सरकार पर तीखा हमला बोला है। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर प्रदेश के सभी 18 मंडल मुख्यालयों में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान कांग्रेस नेताओं ने सरकार की नीतियों और कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े किए। पार्टी नेताओं ने आरोप लगाया कि प्रदेश में अपराध और भ्रष्टाचार लगातार बढ़ रहा है, जबकि सरकार केवल सुशासन के दावे करने में लगी हुई है।
वाराणसी में प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए कांग्रेस प्रवक्ता संजीव सिंह ने कहा कि प्रदेश की जनता महंगाई, अपराध और भ्रष्टाचार से परेशान है, लेकिन सरकार इन मुद्दों से ध्यान हटाने के लिए विपक्ष की आवाज दबाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार आलोचना सहन नहीं कर पा रही है और विपक्षी नेताओं को प्रशासनिक दबाव के जरिए रोकने की कोशिश की जा रही है।

कांग्रेस ने प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के हालिया महोबा दौरे का उल्लेख करते हुए कहा कि वह एक पीड़ित दलित परिवार से मिलने और उनका दुख साझा करने गए थे, लेकिन प्रशासन ने उन्हें रोकने का प्रयास किया। पार्टी नेताओं ने दावा किया कि भाजपा से जुड़े कुछ लोग अजय राय की छवि खराब करने के लिए कथित रूप से एआई जनरेटेड वीडियो का सहारा लेकर दुष्प्रचार कर रहे हैं। कांग्रेस ने कहा कि यदि सरकार निष्पक्षता की बात करती है तो केवल विपक्षी नेताओं ही नहीं, बल्कि उन भाजपा नेताओं की भी जांच होनी चाहिए जिन पर अपराधियों को संरक्षण देने के आरोप लगते रहे हैं।
महिलाओं की सुरक्षा के मुद्दे पर कांग्रेस ने सरकार को घेरते हुए कहा कि प्रदेश में बहन-बेटियों की सुरक्षा सबसे बड़ा सवाल बन चुकी है। पार्टी प्रवक्ता ने एनसीआरबी के आंकड़ों का हवाला देते हुए दावा किया कि महिलाओं के खिलाफ अपराध के मामलों में उत्तर प्रदेश की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। उन्होंने कहा कि सरकार अपराध नियंत्रण के बड़े-बड़े दावे करती है, लेकिन जमीनी स्तर पर हालात अलग दिखाई देते हैं।
प्रेसवार्ता के दौरान कांग्रेस ने कई सरकारी योजनाओं में भ्रष्टाचार के आरोप भी लगाए। जल जीवन मिशन और ‘नल से जल’ योजना का जिक्र करते हुए कहा गया कि इन योजनाओं की वास्तविक स्थिति सरकारी दावों से मेल नहीं खाती। इसके अलावा नमामि गंगे योजना में भी वित्तीय अनियमितताओं और धन के दुरुपयोग के आरोप लगाए गए।
कांग्रेस नेताओं ने भाजपा नेताओं की भाषा और कार्यशैली पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जो लोग सुशासन और कानून-व्यवस्था की बात करते हैं, उनके नेताओं के बयान ही लोकतांत्रिक मर्यादाओं पर सवाल खड़े करते हैं। कांग्रेस ने साफ किया कि वह प्रदेश में कानून-व्यवस्था, भ्रष्टाचार और जनहित के मुद्दों को लेकर आगे भी जनता के बीच संघर्ष जारी रखेगी।

