सीएम डैशबोर्ड की रैंकिंग में वाराणसी कमिश्नरेट पुलिस का दबदबा, 25 KPI में प्रदेश में अव्वल

WhatsApp Channel Join Now

50 प्रमुख मानकों पर आधारित मूल्यांकन में 25 पर पहला स्थान

आठ में टॉप-5 में बनाई जगह, डायल-112 का रिस्पांस टाइम 4.53 मिनट

वाराणसी। मुख्यमंत्री डैशबोर्ड की अक्टूबर माह की रैंकिंग में वाराणसी पुलिस कमिश्नरेट ने प्रदेश में चौथा स्थान हासिल किया है। 50 Key Performance Index (KPI) पर आधारित इस मूल्यांकन में कमिश्नरेट ने 25 मानकों पर प्रदेश में प्रथम तथा आठ मानकों पर टॉप-5 में स्थान प्राप्त किया है। पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल की नियमित समीक्षा, प्रभावी मॉनिटरिंग और अधिकारियों की जवाबदेही तय करने के परिणामस्वरूप पुलिसिंग के विभिन्न क्षेत्रों में यह उपलब्धि दर्ज की गई है।

अपराध नियंत्रण और अभियुक्तों के खिलाफ कार्रवाई के मामले में कमिश्नरेट का प्रदर्शन उल्लेखनीय रहा। महिला अपराध से जुड़े दहेज मृत्यु, शीलभंग, एससी-एसटी एक्ट, गोवध निवारण अधिनियम, आबकारी अधिनियम, गैंगस्टर एक्ट और गुंडा अधिनियम के मामलों में विवेचना एवं अभियुक्तों के खिलाफ शत-प्रतिशत प्रभावी कार्रवाई करते हुए प्रदेश में पहला स्थान प्राप्त किया गया। महिला अपराध से जुड़े दुष्कर्म, हत्या और अपहरण के मामलों में भी प्रभावी कार्रवाई दर्ज की गई।

विवेचना निस्तारण में भी बेहतर प्रदर्शन
लंबित मामलों के निस्तारण और वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के मोर्चे पर भी वाराणसी पुलिस ने बेहतर परिणाम दिए। गैंगस्टर एक्ट के तहत लंबित विवेचनाओं का शत-प्रतिशत निस्तारण और वांछित अभियुक्तों के विरुद्ध 100 प्रतिशत कार्रवाई कर प्रदेश में प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं जघन्य अपराधों की विवेचना निस्तारण दर 97.10 प्रतिशत और वांछित अभियुक्तों के खिलाफ कार्रवाई का प्रतिशत 96.45 रहा। इस आधार पर विवेचना निस्तारण में आठवां और वांछितों के विरुद्ध कार्रवाई में चौथा स्थान मिला।

कमिश्नरेट के काशी, वरुणा और गोमती जोन में तीन माह से अधिक समय से लंबित विवेचनाओं के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण में भी प्रदेश में पहला स्थान प्राप्त हुआ। वहीं महिला एवं बाल सुरक्षा के तहत पॉक्सो एक्ट के मामलों में अभियुक्तों के खिलाफ 100 प्रतिशत प्रभावी कार्रवाई की गई। इस श्रेणी में कमिश्नरेट को प्रदेश में चौथा स्थान मिला।

डायल-112 ने 10 मिनट में दी 21 हजार से अधिक मामलों में मदद
त्वरित पुलिस सहायता के मामले में डायल-112 का औसत रिस्पांस टाइम अक्टूबर माह में 4.53 मिनट रहा। इस दौरान 21,080 प्रकरणों में 10 मिनट के भीतर पुलिस सहायता उपलब्ध कराई गई। इसके चलते इस KPI में वाराणसी पुलिस प्रदेश में पहले स्थान पर रही।

नागरिक सेवाओं के तहत कर्मचारी, घरेलू सहायिका और किरायेदार सत्यापन, सीसीटीएनएस शिकायत, कार्यक्रम आयोजन, जुलूस और विरोध-प्रदर्शन से संबंधित अनुरोधों पर शत-प्रतिशत कार्रवाई की गई। अग्नि सुरक्षा के तहत एनओसी जारी करने और अग्नि सुरक्षा आकलन की प्रक्रिया भी 100 प्रतिशत पूरी की गई।

वर्ष 2023 और 2024 में प्रदेश की अंतिम दस रैंकिंग में रहने वाला वाराणसी कमिश्नरेट अब लगातार टॉप-10 में बना हुआ है। मार्च की रैंकिंग में भी कमिश्नरेट को प्रदेश में चौथा स्थान मिला था। पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल के निर्देशन में साप्ताहिक समीक्षा और निरंतर मॉनिटरिंग के जरिए रैंकिंग में सुधार की प्रक्रिया जारी है।

BK Pathak
BK Pathak

21689 Articles

Beerkeshwar Pathak Journalist Beerkeshwar Pathak, who entered the field of journalism in 2015, has nearly a decade of experience in print and digital media. He holds a postgraduate diploma in journalism and has established his reputation through reporting at prestigious media outlets like Amar Ujala, Hindustan, and Dainik Jagran. He has a special interest and expertise in reporting on political and social issues, news analysis, and editing, along with eventful news. He currently serves as an editor at Live VNS, a leading digital news platform in Varanasi. In this role, he is contributing to reshaping digital journalism and delivering important information to readers through factual and reliable news. Factual investigation of news and effective editing are key aspects of his journalism.

Share this story