वाराणसी : व्यापारी हत्याकांड का खुलासा करने वाली पुलिस टीम का सम्मान, कमिश्नर ने दिया ₹1 लाख इनाम
वाराणसी। रोहनिया क्षेत्र में व्यापारी जितेंद्र पटेल हत्याकांड का खुलासा करने वाली संयुक्त पुलिस टीम को पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने सम्मानित किया। इस दौरान टीम को कुल एक लाख रुपये का नगद पुरस्कार, प्रशस्ति-पत्र और स्मृति-चिह्न प्रदान किए गए।
पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने मंगलवार को थाना रोहनिया क्षेत्र के ग्राम अवलेशपुर में व्यापारी जितेंद्र पटेल की सनसनीखेज हत्या के मामले का सफल अनावरण करने वाली पुलिस टीम को सम्मानित किया। पुलिस आयुक्त कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में एसओजी, थाना रोहनिया एवं वरुणा जोन की संयुक्त टीम को उनके उत्कृष्ट एवं साहसिक कार्य के लिए कुल एक लाख रुपये का नगद पुरस्कार, प्रशस्ति-पत्र और स्मृति-चिह्न प्रदान किए गए।
पुलिस आयुक्त ने कहा कि इस जघन्य हत्याकांड के खुलासे में पुलिस टीम ने पेशेवर दक्षता, तत्परता और बेहतर समन्वय का परिचय दिया। टीम ने न केवल घटना का शीघ्र खुलासा किया, बल्कि मामले में शामिल पांच अभियुक्तों को गिरफ्तार भी किया। इनमें से दो अभियुक्तों को पुलिस ने साहसिक मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया था, जो पुलिस की सक्रियता और रणनीतिक कार्रवाई का प्रमाण है।
उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों की सराहना करते हुए कहा कि इसी तरह की निष्ठा, ईमानदारी और कर्तव्यपरायणता के साथ कार्य कर पुलिस जनसुरक्षा, अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाए रखे। उन्होंने सभी सम्मानित पुलिसकर्मियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं भी दीं।
पुरस्कार वितरण के दौरान एसओजी प्रभारी उपनिरीक्षक गौरव कुमार सिंह तथा थाना रोहनिया के प्रभारी निरीक्षक राजू सिंह को 25-25 हजार रुपये का नगद पुरस्कार प्रदान किया गया। वहीं इस प्रकरण के सफल अनावरण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले अन्य पुलिसकर्मियों को 10-10 हजार रुपये का पुरस्कार दिया गया। कुल मिलाकर संयुक्त पुलिस टीम को एक लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि से सम्मानित किया गया।
सम्मानित होने वालों में एसओजी के प्रभारी उपनिरीक्षक गौरव कुमार सिंह, उपनिरीक्षक आयुष पाण्डेय, कांस्टेबल मनीष बघेल और अंकित मिश्रा, थाना रोहनिया के प्रभारी निरीक्षक राजू सिंह एवं उपनिरीक्षक भरत चौधरी तथा वरुणा जोन से थाना शिवपुर के उपनिरीक्षक गौरव कुमार सिंह शामिल रहे।

