वाराणसी : चौक पुलिस ने 14 किलो चाइनीज मांझा किया बरामद, तीन आरोपी गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। चौक पुलिस ने शुक्रवार को अभियान के दौरान 14.200 किलो प्रतिबंधित चाइनीज मांझा के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपी दुकान से मांझा की बिक्री कर रहे थे। उसी दौरान पुलिस ने छापेमारी कर तीनों को धर-दबोचा। उनके खिलाफ विधिक कार्रवाई में जुटी रही। 

चौक पुलिस को सूचना प्राप्त हुई कि सीताराम मंदिर के पास ब्रह्मनाल क्षेत्र में एक दुकान से अवैध चाइनीज मांझा की बिक्री की जा रही है। सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने मौके पर छापेमारी की और जीवन के लिए अत्यंत घातक प्रतिबंधित चाइनीज मांझा बरामद किया। इस दौरान मौके से तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया।

गिरफ्तार अभियुक्तों में सचिन सहगल उर्फ रिंकू निवासी लखरांव ककरमत्ता, उमेश कुमार गुप्ता उर्फ गुड्डू पुत्र स्वर्गीय सत्येन्द्र कुमार गुप्ता, निवासी ब्रह्मनाल और शिव कुमार सिंह निवासी गंगोत्री विहार कॉलोनी थाना लंका के रूप में हुई। 

पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से कुल 14.200 किलोग्राम अवैध प्रतिबंधित चाइनीज मांझा बरामद किया है, जो आमजन विशेषकर राहगीरों, दोपहिया वाहन चालकों और पक्षियों के लिए गंभीर खतरा बन सकता था। इस संबंध में थाना चौक कमिश्नरेट वाराणसी में मु0अ0सं0 158/2025 अंतर्गत धारा 293, 125, 223 बीएनएस तथा 5/15 पर्यावरण संरक्षण अधिनियम 1986 के तहत अभियोग पंजीकृत कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक दिलीप कुमार मिश्र, उप निरीक्षक अभिषेक कुमार त्रिपाठी, उप निरीक्षक भरत पाण्डेय, महिला उप निरीक्षक मानसी वर्मा, महिला उप निरीक्षक मुन्नी कुमारी, हेड कांस्टेबल दिलीप कुमार सिंह, कांस्टेबल चंदन पाण्डेय, भोलू खरवार एवं भानू प्रताप शामिल रहे।

Share this story