वाराणसी : आइसक्रीम पार्टी और मनोरंजक गतिविधियों के साथ बच्चों ने ग्रीष्मावकाश का किया स्वागत 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। सुसुवाही स्थित नवनीता कुंवर पब्लिक स्कूल में ग्रीष्मकालीन अवकाश से पहले शुक्रवार को बच्चों के लिए विशेष आइसक्रीम पार्टी और मनोरंजक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। नर्सरी से लेकर कक्षा आठ तक के विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह और उमंग के साथ कार्यक्रम में भाग लिया। विद्यालय परिसर दिनभर बच्चों की हंसी, चहल-पहल और खुशी से गुलजार रहा।

विद्यालय प्रशासन की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों को छुट्टियों से पहले आनंदमय वातावरण देना और उन्हें सकारात्मक ऊर्जा के साथ अवकाश बिताने के लिए प्रेरित करना था। अलग-अलग कक्षाओं के विद्यार्थियों के लिए विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं, जिनमें बच्चों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

123

नर्सरी विंग के नन्हे-मुन्ने बच्चों के लिए खेल-कूद, नृत्य और मनोरंजक गतिविधियों का आयोजन किया गया। छोटे बच्चों ने अपने शिक्षकों और साथियों के साथ खूब मस्ती की। आइसक्रीम मिलने पर बच्चों के चेहरे खिल उठे और विद्यालय में उत्सव जैसा माहौल दिखाई दिया। कक्षा एक से पांच तक के विद्यार्थियों के लिए केशव हॉल सभागार में हिंदी, विज्ञान, गणित और सामान्य ज्ञान पर आधारित प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित की गई। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी प्रतिभा और ज्ञान का प्रदर्शन किया। सवाल-जवाब के दौरान बच्चों ने तेजी से उत्तर देकर अपनी बौद्धिक क्षमता का परिचय दिया। कार्यक्रम के अंत में बच्चों ने आइसक्रीम पार्टी का आनंद लिया।

123

वहीं कक्षा छह से आठ तक के विद्यार्थियों ने कक्षा परीक्षण के बाद विभिन्न शैक्षणिक और रचनात्मक गतिविधियों में हिस्सा लिया। समूह चर्चा, रचनात्मक कार्य और अन्य गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों ने दिन को यादगार बनाया। इसके बाद उन्हें भी विद्यालय की ओर से आइसक्रीम वितरित की गई। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. दिवाकर राय ने बच्चों को गर्मी के मौसम में स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि ग्रीष्मावकाश केवल मनोरंजन का समय नहीं, बल्कि नई चीजें सीखने और आत्मविकास का भी अवसर है। बच्चों को खान-पान, व्यायाम और पढ़ाई पर ध्यान देने की आवश्यकता है ताकि वे नई ऊर्जा और आत्मविश्वास के साथ विद्यालय लौटें। कार्यक्रम के अंत में बच्चे खुशी और उत्साह के साथ अपने घरों के लिए रवाना हुए।

123

123

Share this story