वाराणसी : एक माह से जलभराव की जद में नारायणपुर का संपर्क मार्ग, गंदे पानी से गुजरकर स्कूल जा रहे बच्चे

WhatsApp Channel Join Now

टिकरी मार्ग से गांव को जोड़ने वाली सड़क पर जलनिकासी का अभाव, शिकायत के बाद भी नहीं हुई कार्रवाई

वाराणसी। रोहनिया विधानसभा क्षेत्र के नारायणपुर गांव में जलभराव की समस्या ने ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। टिकरी मार्ग से गांव को जोड़ने वाले संपर्क मार्ग पर करीब एक माह से बरसात का गंदा पानी जमा है। इससे स्कूली बच्चों को रोजाना पानी और कीचड़ के बीच से होकर स्कूल आना-जाना पड़ रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि जिला प्रशासन को लिखित शिकायत देने के बावजूद अब तक समस्या का समाधान नहीं हुआ है।

सड़क पर जलनिकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण बारिश का पानी लंबे समय तक जमा रहता है। इससे रास्ते पर कीचड़ और गंदगी फैल गई है। सुबह स्कूल जाने वाले छोटे बच्चों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ता है। पानी के बीच से गुजरने के कारण उनके कपड़े और जूते खराब हो जाते हैं। रास्ते की स्थिति खराब होने से ग्रामीणों को भी आवागमन में दिक्कत हो रही है।

123

20 अगस्त को जिला प्रशासन को दी गई थी शिकायत
नारायणपुर निवासी शिक्षक शिवपूजन पाठक ने बताया कि संपर्क मार्ग पर जलभराव की समस्या को लेकर 20 अगस्त को जिला प्रशासन को लिखित रूप से अवगत कराया गया था। इसके बावजूद अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है। ग्रामीणों का कहना है कि स्थानीय स्तर पर भी कई बार समस्या की जानकारी जिम्मेदार लोगों को दी गई, लेकिन जलनिकासी की व्यवस्था नहीं हो सकी।

विधायक को भी कराया गया अवगत
ग्रामीणों के अनुसार, रोहनिया विधायक सुनील पटेल को भी कई बार मार्ग पर जलभराव की समस्या से अवगत कराया गया है। इसके बावजूद स्थिति जस की तस बनी हुई है। ग्रामीणों में इसको लेकर नाराजगी है। उनका कहना है कि पानी निकासी का स्थायी इंतजाम नहीं होने से हर वर्ष बरसात में ऐसी परेशानी उत्पन्न होती है।

123
बच्चों के स्वास्थ्य को लेकर चिंता
लंबे समय से जमा गंदे पानी के कारण अभिभावक बच्चों के स्वास्थ्य को लेकर चिंतित हैं। ग्रामीणों ने आशंका जताई कि पानी में मच्छरों के पनपने और गंदगी से बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है। बच्चों को रोज इसी रास्ते से स्कूल भेजना उनकी मजबूरी बन गई है।

स्थायी जलनिकासी की मांग
ग्रामीणों का कहना है कि नारायणपुर गांव नगर निगम क्षेत्र से सटा हुआ है, फिर भी संपर्क मार्ग पर जलनिकासी की पर्याप्त व्यवस्था नहीं है। उनका आरोप है कि एक ओर शहर में विकास कार्यों पर करोड़ों रुपये खर्च किए जा रहे हैं, वहीं दूसरी ओर बच्चों को स्कूल जाने के लिए गंदे पानी से गुजरना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और संबंधित विभाग से तत्काल मौके का निरीक्षण कर सड़क से पानी हटवाने तथा स्थायी जलनिकासी की व्यवस्था कराने की मांग की है। उनका कहना है कि समय रहते समाधान नहीं हुआ तो बच्चों और राहगीरों की परेशानी बनी रहेगी।

Share this story