वाराणसी : सीसीटीवी में निर्माणाधीन मकान की ओर जाता दिखा था बच्चा, दोपहर में पानी भरे गड्ढे में मिला शव, परिजनों में मचा कोहराम
वाराणसी। शिवपुर थाना क्षेत्र के बेलवरिया गांव में बुधवार को बारिश के पानी से भरे निर्माणाधीन मकान के गड्ढे में डूबने से कक्षा दो के 10 वर्षीय छात्र आशु पटेल की मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में मातम छा गया। वहीं हादसे को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश भी है।
गांव में एक निर्माणाधीन मकान की नींव के लिए जेसीबी से गड्ढा खोदा गया था। बारिश के कारण उसमें पानी भर गया था। बताया गया कि आशु सुबह करीब 11 बजे घर से लापता हो गया। काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान पास के एक मकान में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाली गई। इसमें आशु निर्माणाधीन मकान की ओर जाता दिखाई दिया। इसके बाद परिजनों और ग्रामीणों ने पानी से भरे गड्ढे में उसकी तलाश शुरू की। करीब दोपहर दो बजे बच्चे को बाहर निकाला गया।
परिजन डायल 112 की मदद से आशु को पंडित दीनदयाल उपाध्याय अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर शिवपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की वैधानिक जांच शुरू कर दी। हादसे के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। बताया गया कि करीब एक वर्ष पहले ही परिवार की पांच वर्षीय बेटी की बीमारी के कारण मौत हो गई थी। अब बेटे की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

