वाराणसी: चाट विक्रेता ने फांसी लगाकर दी जान, परिजनों में मचा कोहराम 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के कछवां रोड स्थित ठठरा गांव में गुरुवार तड़के 37 वर्षीय संदीप मोदनवाल ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी होते ही परिवार में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस ने फोरेंसिक टीम को बुलाकर घटनास्थल की जांच कराई। वहीं शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। 

परिजनों के अनुसार संदीप बुधवार रात होली खेलने के बाद घर लौटा था। वह अपने कमरे में सोने चला गया। देर रात उसने किचन में पहुंचकर पंखे के हुक से गमछे के सहारे फांसी लगाकर जान दे दी। सुबह जब उनकी पत्नी अंजली देवी रसोई में पहुंचीं तो पति को फंदे से लटका देख सन्न रह गईं। उनकी चीख सुनकर परिवार के अन्य सदस्य दौड़े और गमछा काटकर संदीप को नीचे उतारा, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।

सूचना मिलते ही कछवां रोड चौकी प्रभारी रामचंद्र यादव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने फोरेंसिक टीम बुलाकर घटनास्थल की बारीकी से जांच कराई और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच में आत्महत्या का मामला प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है।

मृतक संदीप अपने पिता का इकलौता पुत्र था और कछवां रोड चौराहे पर चाट की दुकान लगाकर परिवार का भरण-पोषण करता था। वह अपने पीछे पत्नी अंजली देवी, 13 वर्षीय पुत्र यश और 8 वर्षीय पुत्री परी को छोड़ गया है। घटना के बाद पत्नी, मां मीरा देवी और दोनों बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Share this story