वाराणसी : तय समय के बाद बजाया म्यूजिक सिस्टम, संचालक के खिलाफ मुकदमा

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। भेलूपुर थाना क्षेत्र के रेवड़ी तालाब-भेलूपुर मार्ग पर बिना अनुमति निर्धारित समय सीमा के बाद म्यूजिक सिस्टम बजाने और सड़क के निर्धारित हिस्से से अधिक भाग घेरकर बारात ले जाने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई की है। रोहनिया निवासी आर्यन उर्फ बबलू के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।

पुलिस के अनुसार गुरुवार रात करीब साढ़े 10 बजे रेवड़ी तालाब से भेलूपुर की ओर जा रही एक बारात में डीजे तेज आवाज में बजाया जा रहा था। मौके पर पहुंची पुलिस ने पाया कि बारात सड़क के लगभग 75 प्रतिशत हिस्से पर फैली हुई थी, जिससे यातायात प्रभावित हो रहा था। पुलिस ने समझाने का प्रयास किया, लेकिन आरोप है कि संचालक ने आवाज और तेज कर दी। इसके बाद चौकी प्रभारी रेवड़ी तालाब की तहरीर पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

यातायात बाधित कर म्यूजिक सिस्टम बजाने वाले पर केस
इसी तरह शिवपुर थाना क्षेत्र के सुदीपुर बाईपास पर भी सड़क व यातायात बाधित कर बारात में म्यूजिक सिस्टम बजाने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई की। संचालक आशीष कश्यप के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

म्यूजिक सिस्टम के वाहन चालक व संचालक पर भी कार्रवाई
आजमगढ़ रोड पर गुरुवार रात एक बारात में शामिल सत्य साउंड कंपनी का बोर्ड लगाए म्यूजिक सिस्टम वाहन (यूपी 65 एआर 8823) सड़क का बड़ा हिस्सा घेरकर चल रहा था। लालपुर-पांडेयपुर क्षेत्र में जांच के दौरान यातायात बाधित होता मिला। पुलिस ने वाहन चालक और संचालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि बिना अनुमति, निर्धारित समय सीमा के बाद तेज ध्वनि में डीजे बजाने और यातायात बाधित करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Share this story