वाराणसी : कैरियर काउंसलिंग से छात्राओं को मिली सफलता की राह, विशेषज्ञों ने बताए रोजगार के नए अवसर
वाराणसी। महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के सेवायोजन सूचना एवं मंत्रणा केन्द्र के तत्वावधान में बीएनएस महिला महाविद्यालय, अखरी में एक दिवसीय कैरियर काउंसलिंग एवं सेमिनार का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को उनकी रुचि, योग्यता और क्षमता के अनुरूप बेहतर करियर विकल्पों की जानकारी देना तथा रोजगार के प्रति जागरूक बनाना था।
कार्यक्रम में कैरियर काउंसलिंग प्रभारी मदनलाल के साथ विशेषज्ञ डॉ. अर्चना गोस्वामी एवं डॉ. प्रार्थना मिश्रा ने छात्राओं को विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्ध करियर संभावनाओं और रोजगार के अवसरों की विस्तृत जानकारी दी। विशेषज्ञों ने कहा कि सही समय पर उचित मार्गदर्शन और कौशल विकास से छात्राएं अपने लक्ष्य को आसानी से प्राप्त कर सकती हैं। उन्होंने छात्राओं को अपनी रुचि और क्षमता के अनुसार विषय एवं व्यवसाय का चयन करने की सलाह दी।

सेमिनार के दौरान प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी, उच्च शिक्षा के अवसर, स्वरोजगार तथा रोजगार क्षमता बढ़ाने के लिए आवश्यक कौशल विकास पर भी विस्तार से चर्चा की गई। वक्ताओं ने छात्राओं को बदलते रोजगार परिदृश्य के अनुरूप स्वयं को तैयार करने और निरंतर नई तकनीकों एवं ज्ञान से जुड़ने के लिए प्रेरित किया।
महाविद्यालय प्रबंधन ने इस प्रकार के आयोजनों को छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य और व्यक्तित्व विकास के लिए अत्यंत उपयोगी बताया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्रबंधक संदीप सिंह, प्राचार्य, सभी प्राध्यापक एवं बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं। अंत में छात्राओं ने विशेषज्ञों से करियर संबंधी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया और ऐसे कार्यक्रमों के नियमित आयोजन की आवश्यकता पर बल दिया।

