वाराणसी : सलारपुर में बिजली उपकेंद्र को लेकर विरोध, मौके पर पहुंचे कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर,  समझाकर किया शांत 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। सारनाथ थाना क्षेत्र के सलारपुर हरिजन बस्ती में प्रस्तावित बिजली उपकेंद्र (पावर हाउस) के निर्माण को लेकर शनिवार को स्थानीय लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया। क्षेत्र में बिजली व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से इस परियोजना की योजना बनाई गई है, लेकिन जानकारी के अभाव और कुछ आशंकाओं के चलते लोगों में असंतोष देखने को मिला। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर स्वयं मौके पर पहुंचे और लोगों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने प्रदर्शन कर रहे लोगों को शांत करते हुए संयम बनाए रखने की अपील की। मंत्री ने कहा, “मेरी एक बात सुन लीजिए, हल्ला मत करिए,” और सभी को क्रम से अपनी बात रखने के लिए प्रेरित किया।

महिलाओं, बुजुर्गों और अन्य स्थानीय निवासियों ने अपनी चिंताएं मंत्री के सामने रखीं। कई लोगों ने आशंका जताई कि उपकेंद्र निर्माण से उनके आवास या जमीन पर असर पड़ सकता है। इस पर मंत्री ने स्पष्ट किया कि किसी भी व्यक्ति के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा और सभी की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा। इस दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना को लेकर भी चर्चा हुई। मंत्री अनिल राजभर ने आश्वासन दिया कि योजना के अगले चरण में पात्र लोगों को शामिल कर उनके आवास निर्माण की व्यवस्था की जाएगी, ताकि किसी को भी असुविधा न हो। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल विकास ही नहीं, बल्कि हर व्यक्ति को बेहतर जीवन सुविधाएं उपलब्ध कराना है।

बिजली विभाग के कार्यों को लेकर भी कुछ लोगों ने आपत्ति जताई, विशेषकर खंभे और तार लगाने के मुद्दे पर। इस पर मंत्री ने सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि यदि कहीं भी गड़बड़ी या आपत्ति है तो फिलहाल कार्य को रोक दिया जाएगा और पहले लोगों की समस्याओं का समाधान किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि जब विभाग की टीम पहले दिन कार्य करने आई थी, तब स्थानीय लोगों को तत्काल आपत्ति दर्ज करानी चाहिए थी।

कैबिनेट मंत्री ने बताया कि उनकी विधानसभा क्षेत्र में 10 नए पावर हाउस स्वीकृत कराए गए हैं, जिनसे आने वाले समय में बिजली आपूर्ति व्यवस्था और बेहतर होगी। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि ये सभी विकास कार्य जनता के हित में किए जा रहे हैं। इस मौके पर ग्राम प्रधान द्वारा एक पुराने विवाद का मुद्दा भी उठाया गया, जो अभी तक कागजी रूप में दर्ज नहीं हो पाया था। मंत्री ने इस मामले को भी गंभीरता से लेते हुए समाधान का भरोसा दिलाया। अंत में अनिल राजभर ने लोगों से विकास कार्यों में सहयोग करने की अपील की और प्रशासन को निर्देश दिया कि स्थिति पर लगातार नजर बनाए रखी जाए। फिलहाल क्षेत्र में स्थिति सामान्य है और प्रशासन पूरी तरह सतर्क है।

Share this story