वाराणसी : व्यवसायी का आम के बगीचे में मिला शव, क्षेत्र में सनसनी

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। कपसेठी थाना क्षेत्र के अर्जुनपुर गांव में शुक्रवार तड़के एक चूड़ी व्यवसायी का शव आम के बगीचे में मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर जुट गए और पुलिस को खबर दी गई। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। 

मृतक की पहचान 60 वर्षीय राजेंद्र दुबे, निवासी अर्जुनपुर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह पिछले 30 वर्षों से वाराणसी के बीरबलपुर क्षेत्र में परिवार के साथ रह रहे थे और चूड़ी की दुकान चलाते थे।

परिजनों के अनुसार, करीब 10 दिन पहले वह अपने पैतृक गांव अर्जुनपुर गेहूं की मड़ाई कराने के लिए घर से निकले थे, लेकिन इसके बाद वापस नहीं लौटे। शुक्रवार सुबह उनका शव संदिग्ध परिस्थितियों में आम के बगीचे में मिलने से परिवार में कोहराम मच गया।

मौके पर पहुंची कपसेटी पुलिस ने शव का निरीक्षण कर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के पास से आधार कार्ड, दो मोबाइल फोन, ड्राइविंग लाइसेंस, मोबाइल चार्जर और लगभग 2000 रुपये नकद बरामद हुए हैं।

ग्रामीणों से पूछताछ के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। थाना प्रभारी के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि मौत के सही कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।

Share this story