वाराणसी : मनीष हत्याकांड के 5 आरोपियों के घर पर चलेगा बुलडोजर, तहसील प्रशासन ने भेजी नोटिस
वाराणसी। पिंडरा तहसील क्षेत्र में चर्चित मनीष हत्याकांड को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। हत्याकांड के पांच आरोपियों के अवैध निर्माणों पर बुलडोजर चलाने की तैयारी शुरू कर दी गई है। तहसील प्रशासन ने जांच में पाया कि आरोपियों ने अपने घरों का निर्माण बिना मानकों के किया है, जिनमें से कुछ मकान ग्राम सभा की जमीन पर भी बनाए गए हैं।
तहसीलदार कुलवंत सिंह के नेतृत्व में घमहापुर में आरोपियों के बने मकानों की गोपनीय जांच की गई। मनीष, आशीष, दीपक व हरिश्चंद्र रागभर का घर नवीन परती में बना है। वहीं अजय राजभर ने घूर के गड्ढे के लिए आरक्षित जमीन पर अवैध कब्जा कर मकान बनाया है। जांच में पुष्टि के बाद बेदखली की प्राथमिकी दर्ज कराते हुए नोटिस जारी की गई है।
एसडीएम पिंडरा प्रतिभा मिश्रा ने बताया कि पूरी प्रक्रिया अपनाने के साथ ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने दो आरोपियों को एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार किया। वहीं उनके चार शरणदाताओं को भी सलाखों के पीछे भेजा गया है। घमहापुर गांव में कार से महिला को धक्का लगने के बाद हुए विवाद में मनीष सिंह की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई थी। शासन-प्रशासन अब आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए बुलडोजर एक्शन के मूड में नजर आ रहा है।

