वाराणसी : परिवर्तित मार्ग से चलेंगी बुद्ध पूर्णिमा व एकात्मता एक्सप्रेस, जानिये रूट और शेड्यूल 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। बिहार के गया जंक्शन स्टेशन पर प्रस्तावित प्लेटफॉर्म संख्या दो और तीन पर मेजर रीडेवलपमेंट कार्य शुरू होने के कारण रेल परिचालन प्रभावित हो रहा है। इसी क्रम में आज से बुद्ध पूर्णिमा एक्सप्रेस और एकात्मता एक्सप्रेस को परिवर्तित मार्ग से संचालित किया जाएगा। यह बदलाव सीधे तौर पर वाराणसी सहित पूर्वांचल के यात्रियों को प्रभावित करेगा।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार गया स्टेशन पर ब्लॉक लेने के कारण 5 फरवरी से 21 मार्च तक कुल 45 दिनों की अवधि में कई ट्रेनों के मार्ग और समय में परिवर्तन किया गया है। इसी के तहत वाराणसी-राजगीर से गुजरने वाली बुद्ध पूर्णिमा एक्सप्रेस को परिवर्तित मार्ग से चलाया जाएगा। यह ट्रेन पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन से पटना जंक्शन होकर अपने गंतव्य तक पहुंचेगी।

इसी तरह लखनऊ से चलने वाली एकात्मता एक्सप्रेस भी परिवर्तित मार्ग से संचालित होगी। यह ट्रेन प्रयागराज, मान बेल्हा देवी धाम प्रतापगढ़ और सुलतानपुर होते हुए पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन तक जाएगी। रेलवे प्रशासन के अनुसार यह गाड़ी इसी स्टेशन से ऑरिजिनेट भी होगी और यहां शॉर्ट टर्मिनेशन किया जाएगा।

रेलवे ने यात्रियों को पहले ही सतर्क करते हुए कहा है कि परिवर्तित मार्ग के चलते ट्रेनों के आगमन और प्रस्थान समय में बदलाव संभव है। इससे यात्रियों को अतिरिक्त समय लग सकता है और कनेक्टिंग ट्रेनों पर भी असर पड़ेगा। यात्रियों को सलाह दी गई है कि यात्रा से पूर्व ट्रेन की अद्यतन स्थिति की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें।

वहीं दूसरी ओर नोतनवा-दुर्गी एक्सप्रेस को भी अस्थायी रूप से देरी से चलाने का निर्णय लिया गया है। जास, वाराणसी, नुसरार और दरियाबाद स्टेशनों के बीच समपार संख्या 126/सी पर सीमित ऊंचाई के सब-वे निर्माण के लिए गार्डर लॉन्चिंग कार्य किया जाना है। इसके कारण 8 और 15 फरवरी को नोतनवा–दुर्गी एक्सप्रेस को नोतनवा से लगभग ढाई घंटे (150 मिनट) देरी से रवाना किया जाएगा।

इसके अलावा वाराणसी और आसपास के स्टेशनों से गुजरने वाली कई अन्य ट्रेनों की लेटलतीफी का सिलसिला भी जारी है। चार घंटे तक लेट पहुंचने वाली ट्रेनों में काशी-दादर एक्सप्रेस, अमृतसर-हावड़ा पंजाब मेल, मुंबई एलटीटी-जयनगर एक्सप्रेस, ग्वालियर-वाराणसी बुंदेलखंड एक्सप्रेस, ऊधना-वाराणसी वीकेली एक्सप्रेस, योगनगरी ऋषिकेश-हावड़ा दून एक्सप्रेस और नई दिल्ली-वाराणसी वंदेभारत एक्सप्रेस शामिल हैं।

Share this story