वाराणसी : प्रेमिका के घर के बाहर प्रेमी ने पेट्रोल छिड़ककर लगाई आग, मचा हड़कंप
वाराणसी। जंसा थाना क्षेत्र के हरसोस गांव में शनिवार सुबह नाबालिग प्रेमी द्वारा कथित तौर पर प्रेमिका के घर के बाहर खुद पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगाने का मामला सामने आया है। गंभीर रूप से झुलसे किशोर को उपचार के लिए मंडलीय अस्पताल कबीरचौरा में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है।
किशोर चोलापुर थाना क्षेत्र के राजापुर गांव का निवासी बताया जा रहा है। घटना के बाद उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों के मुताबिक किशोर करीब 50 प्रतिशत तक झुलस गया है। किशोर के साथ काम करने वालों ने घटना की सूचना दी थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। शुरुआती जांच में पता चला है कि किशोर प्रेमिका के घर के बाहर पहुंचा था, जहां उसने अपने ऊपर पेट्रोल डालकर आग लगा ली।
मंडलीय अस्पताल में भर्ती युवक का बयान भी दर्ज किया गया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बयान के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। साथ ही घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि घटना के कारणों और परिस्थितियों का सही पता लगाया जा सके।

