वाराणसी : परिचित युवती के कमरे में मिला युवक का शव, छानबीन में जुटी पुलिस
वाराणसी। भेलूपुर थाना क्षेत्र के दुर्गाकुंड स्थित नवाबगंज में शनिवार देर शाम एक युवक का शव फांसी के फंदे से लटकता मिला। युवक अपनी परिचित युवती के किराये के कमरे पर पहुंचा था। वहां किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई। इसके बाद युवक ने युवती को कमरे से बाहर कर दिया और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। काफी देर तक दरवाजा नहीं खुलने पर युवती ने पुलिस नियंत्रण कक्ष को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया तो युवक का शव मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मृतक की पहचान संदीप यादव (25) पुत्र रामबरन यादव, निवासी देवरामपुर घनश्यामपुर, थाना बदलापुर, जिला जौनपुर के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने परिजनों से संपर्क करने का प्रयास शुरू कर दिया। घटना के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं।

कहासुनी के बाद युवती को कमरे से निकाला
पुलिस के अनुसार, संदीप शनिवार देर शाम नवाबगंज स्थित अपनी परिचित युवती के किराये के कमरे पर पहुंचा था। वहां किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। युवती के मुताबिक, कहासुनी के बाद संदीप ने उसे कमरे से बाहर कर दिया और दरवाजा अंदर से बंद कर लिया। युवती ने काफी देर तक दरवाजा खुलने का इंतजार किया, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। अनहोनी की आशंका होने पर उसने पुलिस को सूचना दी।
दरवाजा तोड़कर अंदर पहुंची पुलिस
सूचना मिलते ही भेलूपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने पहले दरवाजा खुलवाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद दरवाजा तोड़कर पुलिसकर्मी कमरे में दाखिल हुए। अंदर संदीप मृत अवस्था में मिला। पुलिस ने शव को बाहर निकलवाकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
भेलूपुर थाना प्रभारी दुर्गा सिंह ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। कमरे का दरवाजा तोड़कर शव को बाहर निकाला गया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। मृतक के परिजनों से संपर्क करने का प्रयास किया जा रहा है।

