वाराणसी : युवक का कमरे में फांसी के फंदे से लटकता मिला शव, परिजनों में मचा कोहराम
वाराणसी। मंडुवाडीह थाना क्षेत्र के तारकेश्वर नगर कॉलोनी में शुक्रवार सुबह एक युवक द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना के बाद जहां परिवार में मातम पसरा है, वहीं आसपास के लोग भी स्तब्ध हैं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए जांच शुरू कर दी है।
तारकेश्वर नगर कॉलोनी निवासी अलीम अहमद उर्फ पप्पू के 25 वर्षीय पुत्र शादिल ने अपने घर के प्रथम तल पर स्थित कमरे में फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। बताया जा रहा है कि शुक्रवार सुबह का फी देर तक शादिल अपने कमरे से बाहर नहीं निकला। रोजाना की दिनचर्या के विपरीत जब कमरे का दरवाजा नहीं खुला तो परिजनों को चिंता हुई।
परिजनों ने कई बार दरवाजा खटखटाया और आवाज लगाई, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। संदेह गहराने पर उन्होंने पड़ोसियों की मदद से दरवाजा तोड़ दिया। जैसे ही लोग कमरे के अंदर पहुंचे, वहां का दृश्य देखकर सभी के होश उड़ गए। शादिल फंदे के सहारे लटका हुआ था। यह देख परिजनों में चीख-पुकार मच गई और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना की जानकारी मिलते ही मंडुवाडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर कब्जे में लिया और पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही कमरे और आसपास के क्षेत्र का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए गए।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन अभी तक इसके पीछे के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं। परिजनों और परिचितों से पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि युवक किसी मानसिक तनाव या अन्य परेशानी से जूझ रहा था या नहीं। पुलिस हर एंगल से मामले की गहन जांच कर रही है।

