वाराणसी : अजय राय के बयान पर भड़के भाजपा कार्यकर्ता, प्रदर्शन कर जताया विरोध, FIR की मांग
वाराणसी। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय द्वारा प्रधानमंत्री को लेकर दिए गए बयान के बाद राजनीतिक माहौल गर्म हो गया है। देशभर में भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा बयान का विरोध किया जा रहा है, वहीं प्रधानमंत्री के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में भी भाजपा कार्यकर्ताओं का आक्रोश खुलकर सामने आया। भाजपा पिछड़ा मोर्चा काशी क्षेत्र के कार्यकर्ताओं ने शनिवार को विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष के खिलाफ नारे लगाए। वहीं उनकी तस्वीरें जलाकर विरोध जताया। कार्यकर्ताओं ने पुलिस कमिश्नर कार्यालय पहुंचकर अजय राय के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई।
भाजपा कार्यकर्ता अनूप जायसवाल के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता पुलिस कमिश्नर कार्यालय पहुंचे। कार्यकर्ताओं ने पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल को ज्ञापन सौंपते हुए आरोप लगाया कि अजय राय ने देश के प्रधानमंत्री और संवैधानिक पद की गरिमा के खिलाफ अभद्र एवं अमर्यादित टिप्पणी की है। कार्यकर्ताओं का कहना था कि इस बयान से भाजपा समर्थकों के साथ-साथ आम जनता की भावनाएं भी आहत हुई हैं।

प्रदर्शन के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने कहा कि लोकतंत्र में अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का सम्मान किया जाता है, लेकिन किसी भी संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति के खिलाफ अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल स्वीकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने मांग की कि अजय राय के खिलाफ तत्काल मुकदमा दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में कोई भी नेता इस तरह की टिप्पणी करने से बचे।
कार्यकर्ताओं ने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वाराणसी की जनता के लिए सम्मान और गौरव का विषय हैं। ऐसे में उनके खिलाफ दिए गए बयान को काशी की जनता किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगी।

