वाराणसी : पत्तियों की माला पहन भाजपा नेता ने किया अनोखा प्रदर्शन, गोंड समाज को जाति प्रमाण पत्र देने की उठाई मांग

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। जिले में गोंड समाज के अधिकारों को लेकर एक अनोखा और प्रतीकात्मक विरोध प्रदर्शन सामने आया है। बीजेपी जनजाति मोर्चा के जिला महामंत्री अरुण कुमार गोंड ने कलेक्ट्रेट परिसर के बाहर गले में नीम व अन्य पत्तियों की माला पहनकर प्रदर्शन किया। इसके जरिये प्रशासन का ध्यान आकृष्ट कराते हुए गोंड समाज के लिए जाति प्रमाण पत्र देने की मांग उठाई। 

प्रदर्शन के दौरान अरुण कुमार गोंड ने स्वयं को ‘प्रकृति उपासक’ बताते हुए कहा कि यह विरोध उनके समाज की परंपरा, संस्कृति और पहचान का प्रतीक है। उन्होंने कलेक्ट्रेट पहुंचकर जिला समाज कल्याण अधिकारी गिरीश चंद्र दुबे को ज्ञापन सौंपा और गोंड समाज से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया।

गोंड समाज के लोगों का आरोप है कि वाराणसी की विभिन्न तहसीलों में जाति प्रमाण पत्र जारी करने में अनावश्यक बाधाएं उत्पन्न की जा रही हैं। उनका कहना है कि लेखपाल और तहसीलदार इस आधार पर आवेदन खारिज कर रहे हैं कि गोंड जनजाति केवल सोनभद्र के जंगलों में पाई जाती है, जबकि वाराणसी में इसकी मान्यता नहीं है। इस कारण समाज के लोगों को अपने संवैधानिक अधिकारों से वंचित होना पड़ रहा है।

123

अरुण कुमार गोंड ने इस रवैये को शासनादेशों के विपरीत बताते हुए अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो वे मुख्यमंत्री स्तर तक शिकायत पहुंचाएंगे और दोषी अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करेंगे।

प्रदर्शन के दौरान गोंड समाज ने अपनी प्रमुख मांगों को भी स्पष्ट किया। इसमें वाराणसी की सभी तहसीलों में जाति प्रमाण पत्र जारी करने की प्रक्रिया को सुचारू करने, बिना ठोस आधार के निरस्त किए गए प्रमाण पत्रों को बहाल करने तथा समाज द्वारा प्रस्तुत साक्ष्यों को मान्यता देते हुए उनके अधिकार सुनिश्चित करने की मांग शामिल है।

इस अनोखे विरोध प्रदर्शन ने न केवल प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया है, बल्कि आमजन के बीच भी चर्चा का विषय बन गया है। अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस मुद्दे पर कितनी संवेदनशीलता दिखाता है और गोंड समाज की मांगों पर कब तक ठोस कार्रवाई करता है।

Share this story