वाराणसी : बाइक सवार बदमाशों ने महिला की चेन छीनी, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। शहर में चेन स्नेचिंग की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। शिवपुर थाना क्षेत्र के तुलसी विहार कॉलोनी मोड़ पर गुरुवार की दोपहर बाइक सवार दो नकाबपोश बदमाशों ने एक महिला से सोने की चेन छीन ली और फरार हो गए। दिनदहाड़े हुई वारदात से इलाके में दहशत है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। 

पीड़िता पुष्पा सिंह, मयूर विहार कॉलोनी की निवासी हैं। बताया जा रहा है कि दोपहर करीब 11:44 बजे वह किसी काम से घर से बाहर निकली थीं और तुलसी विहार कॉलोनी के पास पहुंचीं ही थीं कि पीछे से बाइक सवार बदमाश आए और झपट्टा मारकर उनके गले से चेन छीन ली। अचानक हुए हमले से महिला घबरा गई और शोर मचाया, लेकिन तब तक आरोपी मौके से फरार हो चुके थे। घटना के दौरान चेन का कुछ हिस्सा महिला के हाथ में ही रह गया, जबकि बाकी हिस्सा बदमाश लेकर भाग निकले।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के लोगों से पूछताछ की। पुलिस अब इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।

Share this story