वाराणसी : डिवाइडर से टकराई बाइक, सवार की मौत, मचा कोहराम 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के लालपुर गांव स्थित नेशनल हाईवे पर रविवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार की जान चली गई। प्रयागराज से वाराणसी की ओर आ रहे 58 वर्षीय वशिष्ठ नारायण तिवारी की बाइक अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने घायल को अस्पताल पहुंचाया। हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने हायर सेंटर रेफर कर दिया। हालांकि रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। 

वशिष्ठ नारायण बाइक से प्रयागराज से वाराणसी की तरफ जा रहे थे। उसी दौरान लालपुर गांव के समीप अचानक तेज रफ्तार बाइक डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि डिवाइडर का पिलर तक क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के दौरान उनका हेलमेट भी दूर जा गिरा, जिससे सिर में गंभीर चोटें आईं। 

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को तत्काल खजूरी स्थित निजी हॉस्पिटल भेजा गया। वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया। हालांकि, अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।

पुलिस ने बाइक के नंबर के आधार पर मृतक की पहचान वशिष्ठ नारायण तिवारी पुत्र देवनारायण तिवारी निवासी मसूदी गौरा, जनपद संत रविदास नगर (भदोही) के रूप में की है। बताया जा रहा है कि वह मिर्जामुराद क्षेत्र में अपनी बहन के घर एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे।

Share this story