वाराणसी : गायत्री महायज्ञ के लिए हुआ भूमि पूजन, अबीर-गुलाल और फूलों की होली खेली

वाराणसी। गायत्री तीर्थ शान्तिकुंज हरिद्वार के तत्वावधान एवं गायत्री परिवार वाराणसी के संयोजन में 108 कुण्डीय शक्ति संवर्द्धन गायत्री महायज्ञ का आयोजन 24 से 28 मार्च 2025 तक जीवन दीप उत्सव वाटिका, बड़ा लालपुर वाराणसी में होगा। इसके पूर्व रविवार को भूमि पूजन एवं होली मिलन समारोह आयोजित किया गया। इसमें अबीर-गुलाल और फूलों की होली खेली गई।
शान्तिकुंज प्रतिनिधि कैलाश तिवारी ने वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ भूमि पूजन सम्पन्न कराया। भक्ति संगीत के कार्यक्रम में युग गायक नरेन्द्र मिश्रा ने संगीतमयी प्रस्तुति दी, जिसमें तबले पर संगत सक्षम मिश्रा ने की। भूमि पूजन के उपरांत साधकों ने अबीर-गुलाल और फूलों के साथ होली खेली। कार्यक्रम संयोजक विद्याधर मिश्र ने बताया कि महायज्ञ की तैयारियां पूर्ण हो चुकी हैं तथा संचालन टीम का गठन कर लिया गया है। कार्यक्रम अखिल विश्व गायत्री महिला मंडल प्रमुख शैफाली पंड्या की उपस्थिति में सम्पन्न होगा। मुख्य यजमान संजय सिंह ने सपत्नीक भूमि पूजन किया।
मुख्य अतिथि महापौर अशोक तिवारी एवं सुप्रसिद्ध चिकित्सक डॉ. अशोक सिंह ने समारोह में विशेष उपस्थिति दर्ज कराई। उन्होंने आयोजन की सराहना करते हुए पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। बड़ा लालपुर के सभासद ज्ञानचंद पटेल एवं सारनाथ के सभासद अभय कुमार पाण्डेय भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे। इस अवसर पर जिला समन्वयक गंगाधर उपाध्याय ने सभी अतिथियों का स्वागत एवं आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम संयोजक द्वय विद्याधर मिश्र एवं जनार्दन पाण्डेय ने पुष्प गुच्छ भेंट कर अतिथियों का सम्मान किया।
समारोह में बेचू लाल, सत्य प्रकाश गुप्ता, रजनीश मल्होत्रा, डॉ. भगवान दास, श्रीनाथ मौर्य, मनमोहन सिंह, नंदलाल उपाध्याय, महेश मौर्या, ओमेश्वर सेपट, राजेश शास्त्री, रणधीर सिंह समेत बड़ी संख्या में गायत्री साधक उपस्थित रहे।