वाराणसी : लोहता क्षेत्र में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच पढ़ी गई बकरीद की नमाज, ड्रोन से हुई निगरानी
वाराणसी। लोहता थाना क्षेत्र में ईद-उल-अज़हा का त्योहार गुरुवार को उत्साह और भाईचारे के साथ मनाया गया। क्षेत्र की विभिन्न मस्जिदों और ईदगाहों में सुबह से ही नमाजियों की भारी भीड़ देखने को मिली। मंगलपुर, भट्ठी स्थित बड़ी ईदगाह, महमूदपुर की छोटी ईदगाह तथा अकेलवा चौकी क्षेत्र के बनकट गांव की ईदगाह में लोगों ने सामूहिक रूप से नमाज अदा कर देश और समाज में अमन-चैन की दुआ मांगी। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रही। वहीं ड्रोन से निगरानी की गई।

चंदापुर स्थित अहले हदीस ईदगाह में सबसे पहले सुबह 5:45 बजे मुस्लिम महिलाओं ने नमाज अदा की, जो क्षेत्र में विशेष आकर्षण का केंद्र रही। महिलाओं की बड़ी संख्या में मौजूदगी ने त्योहार की गरिमा और उत्साह को और बढ़ा दिया।
त्योहार को सकुशल संपन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। सुरक्षा व्यवस्था की कमान संभालते हुए एसीपी रोहनिया संजीव कुमार शर्मा स्वयं क्षेत्र में मौजूद रहे और सभी प्रमुख ईदगाहों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। वहीं अपर पुलिस आयुक्त आलोक प्रियदर्शी ने भी लोहता क्षेत्र का निरीक्षण कर सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा की तथा पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

प्रशासन द्वारा सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। ईदगाहों और वाराणसी-भदोही मार्ग पर ड्रोन कैमरों के जरिए निगरानी रखी गई। एसीपी ने लोगों से खुले में कुर्बानी न करने और त्योहार को शांतिपूर्ण तरीके से मनाने की अपील की।
इस दौरान लोहता थानाध्यक्ष दिगम्बर उपाध्याय, कोटवा चौकी प्रभारी ऋतुराज मिश्रा, अकेलवा चौकी प्रभारी कौशल सिंह, कस्बा इंचार्ज ऋतुराज सिंह समेत अन्य पुलिसकर्मी लगातार क्षेत्र में भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था संभालते रहे। संवेदनशील स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया गया था।

