वाराणसी : बाबा लाटभैरव का हुआ भव्य हरियाली श्रृंगार, बर्फ का शिवलिंग बना आकर्षण का केंद्र
वाराणसी। कज्जाकपुरा स्थित अनादिकालेश्वर बाबा लाट भैरव मंदिर में रविवार को वार्षिक हरियाली एवं हिम श्रृंगार का आयोजन किया गया। श्री कपाल भैरव अथवा लाट भैरव प्रबंधक समिति के तत्वावधान में हुए श्रावणी श्रृंगार में मंदिर को हरे-भरे फल, फूल और पत्तियों से आकर्षक रूप से सजाया गया। रंगीन बर्फ की सिल्लियों से तैयार की गई शिवलिंग की आकृति श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रही।

श्रृंगार के दौरान बाबा लाट भैरव का पान के पत्तों से भव्य श्रृंगार किया गया। मंदिर परिसर को हरियाली से इस तरह सजाया गया था कि वह पंडाल के स्वरूप में नजर आ रहा था। देर शाम श्रृंगार पूर्ण होने के बाद मंदिर में दर्शन-पूजन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। मध्यरात्रि तक भक्तों के दर्शन और पूजन का क्रम चलता रहा।
मंदिर में विराजमान अष्ट भैरव के साथ माता काली, प्रथमेश, हनुमान सहित अन्य देव विग्रहों का भी मनोहारी श्रृंगार किया गया। इसके बाद देवी-देवताओं को रागभोग अर्पित किया गया। रात्रिकालीन आरती में धूप, दीप, कपूर, लोहबान, पुष्प और चंवर आदि से विधिवत आरती की गई। श्रद्धालुओं ने बाबा के दर्शन कर सुख-समृद्धि और मंगलमय जीवन की कामना की।
समिति अध्यक्ष एवं पार्षद रोहित जायसवाल ने कहा कि हरियाली श्रृंगार काशी की प्राचीन धार्मिक परंपरा का हिस्सा है। सावन माह में प्रकृति हरियाली की चादर ओढ़ लेती है और चारों ओर सुखद वातावरण बन जाता है। इसी कृतज्ञ भाव से भक्त अपने आराध्य को हरियाली अर्पित करते हुए वर्षभर सुख, समृद्धि और धन-धान्य से परिपूर्ण जीवन की मंगलकामना करते हैं।
आयोजन में प्रधानमंत्री मुन्ना लाल यादव, बंसत सिंह राठौर, छोटन केशरी, विक्रम सिंह राठौर, नंदलाल प्रजापति, मीडिया प्रभारी शिवम अग्रहरि, महेंद्र जायसवाल, आशीष कुशवाहा, निक्की, सुशील, रवि कुशवाहा, कृष्णा समेत समिति के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

