वाराणसी : ऑटो चालक ने फांसी लगाकर दी जान, परिवार में मचा कोहराम

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। रोहनिया थाना क्षेत्र के मोहनसराय निवासी एक ऑटो चालक ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।

मोहनसराय निवासी ऑटो चालक नीरज गुप्ता ने रविवार को अपने घर की छत पर लगे लोहे के हुक में फंदा लगाकर जान दे दी। बताया जा रहा है कि नीरज ने करीब एक सप्ताह पहले ही नया ऑटो खरीदा था और उसी को चलाकर परिवार का भरण-पोषण कर रहा था। घटना के समय वह घर के कमरे में गया और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। कुछ देर बाद वह छत के हुक में फंदा बनाकर लटक गया।

काफी देर तक नीरज के कमरे से कोई हलचल न होने पर परिजनों को संदेह हुआ। जब परिवार के लोग छत पर पहुंचे तो देखा कि नीरज फंदे से लटका हुआ है। यह दृश्य देखते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। शोर सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए। स्थानीय लोगों की मदद से किसी तरह फंदा काटकर नीरज को नीचे उतारा गया और तुरंत अस्पताल ले जाया गया।

अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। नीरज की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। बताया जाता है कि उसकी शादी लगभग एक वर्ष पहले हुई थी और उसके परिवार में एक माह का बच्चा भी है। घटना की सूचना मिलने पर रोहनिया थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने परिजनों से पूछताछ कर घटना के कारणों की जानकारी जुटानी शुरू कर दी है। फिलहाल आत्महत्या के पीछे के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है और पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

Share this story