वाराणसी : पुरानी पेंशन की मांग को लेकर वाराणसी में अटेवा की तिरंगा यात्रा, डीएम को सौंपा ज्ञापन
वाराणसी। पुरानी पेंशन व्यवस्था (OPS) बहाल करने समेत विभिन्न मांगों को लेकर शुक्रवार को वाराणसी में ऑल टीचर्स/एंप्लॉईज वेलफेयर एसोसिएशन (अटेवा) पेंशन बचाओ मंच उत्तर प्रदेश के बैनर तले शिक्षकों और कर्मचारियों ने जोरदार प्रदर्शन किया। संगठन के आह्वान पर आंबेडकर पार्क, कचहरी से जिलाधिकारी कार्यालय तक विशाल तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा में बड़ी संख्या में शिक्षक और कर्मचारी शामिल हुए।

तिरंगा यात्रा के दौरान प्रदर्शनकारियों ने पुरानी पेंशन व्यवस्था बहाल करने की मांग को लेकर नारेबाजी की। यात्रा के बाद अटेवा के प्रतिनिधिमंडल ने उत्तर प्रदेश सरकार और केंद्र सरकार को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा। संगठन ने कहा कि कर्मचारियों के भविष्य और सामाजिक सुरक्षा को देखते हुए पुरानी पेंशन व्यवस्था की बहाली जरूरी है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता अटेवा के जिला संयोजक चंद प्रकाश गुप्त ने की, जबकि संचालन जिला महामंत्री रामसेवक यादव ने किया। संगठन पदाधिकारियों ने कहा कि एनपीएस और यूपीएस के स्थान पर पुरानी पेंशन व्यवस्था को तत्काल बहाल किया जाना चाहिए। उनका तर्क है कि सेवानिवृत्ति के बाद कर्मचारियों को आर्थिक सुरक्षा देने के लिए पुरानी व्यवस्था अधिक प्रभावी है।

अटेवा ने शिक्षा क्षेत्र से जुड़ी मांग भी उठाई। संगठन की मांग है कि आरटीई एक्ट लागू होने से पहले चयनित शिक्षकों को टीईटी की अनिवार्यता से छूट दी जाए। इसके अलावा सरकारी सेवाओं और शिक्षा व्यवस्था के निजीकरण को तत्काल समाप्त करने की मांग भी ज्ञापन में शामिल की गई। तिरंगा यात्रा में अटेवा के जिला संरक्षक रामचंद्र गुप्त, पूर्व जिला संयोजक विनोद यादव, जिला कोषाध्यक्ष गुलाब चंद कुशवाहा, जिला कैडर प्रभारी अंजनी कुमार गुप्त समेत संगठन के विभिन्न पदाधिकारी और सदस्य शामिल रहे। इसके अलावा राजकुमार गुप्ता, रज्जब अली, श्यामाकांत यादव, मिथिलेश कुमार, आनंद सिंह, नरेंद्र प्रसाद, शेषनाथ सिंह, प्रमोद पटेल, अखिलेश यादव, शैलेंद्र विक्रम सिंह, मनीष कुशवाहा, मनोज सरोज, वीरेंद्र कुमार सहित बड़ी संख्या में शिक्षक और कर्मचारी मौजूद रहे।

