वाराणसी : शादी तय होने से नाराज युवक ने मंगेतर को भेजे अश्लील मैसेज, मुकदमा दर्ज, रिश्ता तुड़वाने का दबाव बनाने का आरोप
वाराणसी। मिर्जामुराद क्षेत्र के एक गांव में शादी तय होने से नाराज युवक पर युवती के मंगेतर को अश्लील संदेश और निजी तस्वीरें भेजकर रिश्ता तुड़वाने का दबाव बनाने का आरोप लगा है। मामले में युवती ने शुक्रवार को अपने भाई के साथ मिर्जामुराद थाने पहुंचकर आरोपी के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, युवती का पड़ोस के युवक से करीब तीन वर्षों से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। इसकी जानकारी होने पर परिजनों ने आपत्ति जताई और युवती की शादी दूसरी जगह तय कर दी। आरोप है कि शादी तय होने के बाद युवक युवती पर रिश्ता खत्म करने का दबाव बनाने लगा। युवती के तैयार नहीं होने पर उसने कथित तौर पर उसके मंगेतर का मोबाइल नंबर हासिल कर लिया।
इसके बाद आरोपी ने मंगेतर के मोबाइल पर अश्लील संदेश भेजने के साथ ही युवती की निजी तस्वीरें भी भेजनी शुरू कर दीं। लगातार इस तरह के संदेश मिलने से मंगेतर के सामने स्थिति असहज हो गई और शादी टूटने की नौबत आने लगी।
मामले की जानकारी होने पर युवती अपने भाई के साथ थाने पहुंची और पुलिस को पूरी घटना की जानकारी देते हुए आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

