वाराणसी : पत्नी के मायके जाने से नाराज युवक मोबाइल टावर पर चढ़ा, मचा हड़कंप
वाराणसी। चोलापुर थाना क्षेत्र के भटौली निवासी अजय कुमार पत्नी के मायके जाने से नाराज होकर पलहीपट्टी चौराहे पर मोबाइल टावर पर चढ़ गया। इससे हड़कंप मच गया। सूचना के बाद पुलिस, फायर ब्रिगेड और एनडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। काफी समझाने के बाद युवक किसी तरह नीचे उतरा। इसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली।
लोगों की मानें तो अजय को पैसों की जरूरत थी। इसलिए वह जमीन बेचकर पैसे लेना चाहता था, हालांकि परिवार वाले और पेशे से नर्स उसकी पत्नी राधा मौर्या जमीन बेचने का विरोध कर रहे थे। इससे नाराज होकर पत्नी मायके चली गई। पत्नी के जाने के बाद अजय मोबाइल टावर पर चढ़ गया। इससे इलाके में खलबली मच गई।
मौके पर काफी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए। लोगों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस और लोगों के काफी समझाने के बाद युवक नीचे उतरा। अजय प्रिटिंग प्रेस में काम करता है। पुलिस ने बताया कि युवक को टावर से नीचे उतारकर परिजनों को सौंप दिया गया।

