वाराणसी : कौशलपुरी में जलभराव पर फूटा गुस्सा, पार्षद के खिलाफ नारेबाजी, नगर निगम की टीम पानी निकालने पहुंची तो लोगों ने जताया विरोध

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। सुसुवाही स्थित कौशलपुरी कॉलोनी में जलभराव की समस्या को लेकर रविवार को लोगों का आक्रोश सामने आया। जलनिकासी के लिए नगर निगम की मशीन और पंप लगाए जाने के दौरान कुछ लोगों ने क्षेत्रीय पार्षद के खिलाफ नारेबाजी करते हुए विरोध जताया। इससे मौके पर कुछ देर के लिए माहौल गरमा गया। मामला वार्ड नंबर-39 का है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बारिश के बाद से कॉलोनी और आसपास के इलाकों में जगह-जगह पानी जमा है, जिससे आवागमन में परेशानी हो रही है।

बताया गया कि लगातार मिल रही शिकायतों के बाद क्षेत्रीय पार्षद सुरेश पटेल उर्फ गुड्डू पटेल के प्रयास से नगर निगम की टीम मौके पर पहुंची। जलभराव वाले स्थानों से पानी निकालने के लिए नगर निगम की गाड़ी, मशीन और पंप लगाए गए। टीम ने जलनिकासी का काम शुरू किया, लेकिन इसी दौरान कुछ लोगों ने पार्षद के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। लोगों की नाराजगी का कारण क्षेत्र में लंबे समय से बनी जलनिकासी की समस्या बताई जा रही है।

शिकायतों के बाद शुरू कराया गया पानी निकालने का काम
स्थानीय लोगों के अनुसार, बारिश के बाद कौशलपुरी कॉलोनी सहित आसपास के कई हिस्सों में पानी जमा है। जलभराव के कारण लोगों को घरों से निकलने और रोजमर्रा के कामों के लिए आने-जाने में परेशानी हो रही है। लोगों का कहना है कि समस्या का स्थायी समाधान नहीं होने से हर बारिश में ऐसी स्थिति दोहराती है।

वहीं, पार्षद सुरेश पटेल उर्फ गुड्डू पटेल का कहना है कि जहां-जहां से जलभराव की शिकायत मिल रही है, वहां तत्काल नगर निगम की मशीन और पंप लगाकर पानी निकलवाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि वह स्वयं भी क्षेत्र का निरीक्षण कर रहे हैं और संबंधित अधिकारियों से लगातार संपर्क में हैं।

123

मेयर और नगर आयुक्त के सहयोग का दावा
पार्षद ने कहा कि जलभराव की समस्या से नगर निगम के उच्चाधिकारियों को पहले ही अवगत कराया जा चुका है। मेयर और नगर आयुक्त के सहयोग से विभिन्न स्थानों पर मशीन और पंप के जरिए पानी निकालने का काम कराया जा रहा है। हालांकि, उनका कहना है कि केवल पानी निकालने से समस्या का स्थायी समाधान संभव नहीं है।

नई सीवर लाइन बिछाने का प्रस्ताव
पार्षद सुरेश पटेल ने बताया कि कौशलपुरी क्षेत्र में जलनिकासी की स्थायी व्यवस्था के लिए नई सीवर लाइन डालने की योजना तैयार है। इसके लिए संबंधित अधिकारियों को पत्र दिया गया है और प्रस्ताव के लिए धनराशि स्वीकृत होने की बात भी उन्होंने कही। उनका दावा है कि बरसात का मौसम समाप्त होते ही नई सीवर लाइन बिछाने का काम शुरू कराया जाएगा। इसके बाद जलनिकासी बेहतर होने से जलभराव की समस्या से लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।

विरोध के बीच पार्षद का स्पष्टीकरण
पार्षद ने कहा कि जिस समय नगर निगम की टीम पानी निकालने में जुटी थी, उसी दौरान कुछ लोगों ने विरोध और नारेबाजी की। उन्होंने कहा कि जनसमस्याओं का समाधान उनकी प्राथमिकता है। साथ ही आरोप लगाया कि कुछ लोगों द्वारा सोशल मीडिया के माध्यम से उन्हें बदनाम करने का प्रयास किया जा रहा है।

BK Pathak
BK Pathak

21391 Articles

Beerkeshwar Pathak Journalist Beerkeshwar Pathak, who entered the field of journalism in 2015, has nearly a decade of experience in print and digital media. He holds a postgraduate diploma in journalism and has established his reputation through reporting at prestigious media outlets like Amar Ujala, Hindustan, and Dainik Jagran. He has a special interest and expertise in reporting on political and social issues, news analysis, and editing, along with eventful news. He currently serves as an editor at Live VNS, a leading digital news platform in Varanasi. In this role, he is contributing to reshaping digital journalism and delivering important information to readers through factual and reliable news. Factual investigation of news and effective editing are key aspects of his journalism.

Share this story