वाराणसी : दुकान में घुसकर वृद्ध महिला को मारपीट कर लूटी थी सोने की चेन, पुलिस ने एक बदमाश को पकड़ा, दूसरे की तलाश  

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। सारनाथ थाना क्षेत्र में 71 वर्षीय बुजुर्ग महिला के साथ मारपीट कर सोने की चेन लूटने की घटना का पुलिस ने सफल खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार करते हुए उसके कब्जे से करीब 9.09 ग्राम वजन की लूटी गई सोने की चेन तथा वारदात में प्रयुक्त बुलेट मोटरसाइकिल बरामद की है। वहीं, घटना में शामिल दूसरा आरोपी अभी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

पुलिस के अनुसार, 6 जुलाई को खजुही निवासी मोहित कुमार गुप्ता ने सारनाथ थाने में तहरीर देकर बताया था कि उनकी 71 वर्षीय मां दुकान पर अकेली मौजूद थीं। इसी दौरान बाइक सवार दो बदमाश दुकान में घुस आए। दोनों ने महिला के साथ मारपीट की और उनके गले से सोने की चेन छीनकर मौके से फरार हो गए। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत फैल गई थी। तहरीर के आधार पर सारनाथ थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपी छोटा लालपुर निवासी विजय चौहान उर्फ लकी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वारदात में इस्तेमाल की गई बुलेट मोटरसाइकिल अस्सी घाट क्षेत्र से चोरी की गई थी। इसके बाद उसने अपने साथी के साथ कई दिनों तक इलाके की रेकी की और यह सुनिश्चित किया कि महिला कब दुकान पर अकेली रहती हैं। मौका मिलते ही दोनों दुकान में घुसे और मारपीट कर सोने की चेन लूटकर फरार हो गए।

आरोपी ने यह भी स्वीकार किया कि घटना से पहले भी दोनों ने इसी स्थान पर वारदात करने का प्रयास किया था, लेकिन उस समय दुकान के आसपास अधिक भीड़ होने के कारण वे सफल नहीं हो सके। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी लूटी गई सोने की चेन बेचने की फिराक में था, तभी उसे धर दबोचा गया।

डीसीपी वरुणा जोन प्रमोद कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से लूटी गई सोने की चेन और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद कर ली गई है। फरार दूसरे आरोपी की तलाश के लिए पुलिस की टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई जारी है।

Share this story