वाराणसी : सुबह टहलने निकली बुजुर्ग महिला से सोने की चेन छीनने का प्रयास, विरोध करने पर धक्का देकर फरार हुआ आरोपी 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। लंका थाना क्षेत्र के बालाजी नगर कॉलोनी के पास बुधवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब रोजाना की तरह टहलने निकलीं 75 वर्षीय कलावती देवी से एक अज्ञात व्यक्ति ने चेन छीनने का प्रयास किया। महिला द्वारा विरोध किए जाने पर आरोपी चेन छीनने में सफल नहीं हो सका और उन्हें धक्का देकर मौके से फरार हो गया।

बताया जा रहा है कि कलावती देवी सुबह के समय टहलने के लिए घर से निकली थीं। इसी दौरान बालाजी नगर कॉलोनी के पास एक अज्ञात व्यक्ति उनके पास पहुंचा और उनके गले में पहनी चेन को झपटकर छीनने का प्रयास किया। अचानक हुए इस हमले से महिला ने हिम्मत दिखाते हुए आरोपी का विरोध किया। विरोध के चलते बदमाश चेन लेकर भागने में सफल नहीं हो सका।

आरोपी ने भागने से पहले बुजुर्ग महिला को जोरदार धक्का दे दिया, जिससे वह सड़क पर गिर गईं। धक्का लगने के कारण उनकी कमर में गंभीर चोट आई। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और घायल कलावती देवी को उपचार के लिए बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया, जहां उनका उपचार चल रहा है। घटना के बाद स्थानीय लोगों और परिजनों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। परिजनों का कहना है कि सुबह के समय क्षेत्र में बड़ी संख्या में बुजुर्ग लोग टहलने के लिए निकलते हैं। ऐसे में इस तरह की घटना गंभीर चिंता का विषय है।

परिजनों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जाए, ताकि आरोपी की पहचान कर उसे जल्द गिरफ्तार किया जा सके। साथ ही सुबह के समय बालाजी नगर कॉलोनी और आसपास के इलाकों में पुलिस गश्त बढ़ाने की भी मांग की गई है। घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अब पुलिस के लिए सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसकी गिरफ्तारी करना अहम चुनौती है।

Share this story