जुलाई 2027 तक तैयार होगा वाराणसी एयरपोर्ट का नया टर्मिनल, 99 लाख यात्रियों को मिलेगी सुविधा, मंडलायुक्त ने विस्तारीकरण कार्यों का किया निरीक्षण
टर्मिनल निर्माण कार्य 71 प्रतिशत पूरा, रनवे अंडरपास का काम मार्च 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य
वाराणसी। लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे की तस्वीर आने वाले दिनों में पूरी तरह बदलने वाली है। करीब 2,870 करोड़ रुपये की लागत से चल रहे एयरपोर्ट के मेगा विस्तारीकरण के बाद यहां यात्रियों को अत्याधुनिक सुविधाएं मिलेंगी। नया टर्मिनल भवन प्रतिवर्ष करीब 99 लाख यात्रियों को संभालने में सक्षम होगा। शुक्रवार को मंडलायुक्त के. विजयेंद्र पांडियन ने एयरपोर्ट पहुंचकर विस्तारीकरण परियोजना के तहत चल रहे निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माणाधीन न्यू टर्मिनल बिल्डिंग, रनवे के नीचे बन रही विशेष टनल समेत विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति की जानकारी ली और निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ काम पूरा करने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मंडलायुक्त को बताया कि नए टर्मिनल भवन का करीब 71 प्रतिशत निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। इसे जुलाई 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। नया टर्मिनल आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा। इसके वास्तु और आंतरिक साज-सज्जा में काशी की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की झलक भी देखने को मिलेगी। इसके तैयार होने से हवाई यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी और एयरपोर्ट की यात्री क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी।

रनवे के नीचे बनेगा 2.89 किमी लंबा अंडरपास
एयरपोर्ट निरीक्षण के बाद मंडलायुक्त ने एनएच-56 पर निर्माणाधीन एयरपोर्ट रनवे अंडरपास परियोजना का भी जायजा लिया। करीब 649.44 करोड़ रुपये की लागत से बन रही इस परियोजना की भौतिक प्रगति 60 प्रतिशत से अधिक हो चुकी है। अधिकारियों ने बताया कि लगभग 2.89 किलोमीटर लंबे अंडरपास का निर्माण मार्च 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य है।
मंडलायुक्त ने भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के अधिकारियों और कार्यदायी संस्था को निर्माण कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि परियोजना को तय समय-सीमा के भीतर पूरा करने के लिए नियमित निगरानी और संबंधित एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है। निर्माण में आने वाली बाधाओं का तत्काल समाधान किया जाए, ताकि काम की गति प्रभावित न हो।

रनवे विस्तार के साथ सड़क यातायात भी रहेगा निर्बाध
मंडलायुक्त ने कहा कि एयरपोर्ट रनवे अंडरपास परियोजना बेहद महत्वपूर्ण है। इसके निर्माण से रनवे के नीचे सड़क संपर्क निर्बाध बना रहेगा और एयरपोर्ट के रनवे विस्तार में भी सुविधा होगी। इससे सड़क यातायात और विमानों के संचालन के बीच किसी तरह का टकराव नहीं होगा। यात्रियों के साथ स्थानीय लोगों को भी आवागमन में सहूलियत मिलेगी। उन्होंने निर्माण कार्य में सुरक्षा और गुणवत्ता के मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने को कहा।

टैक्सी-वे, एप्रन और स्मार्ट ग्लास कॉरिडोर भी होंगे विकसित
एयरपोर्ट विस्तारीकरण परियोजना के तहत नए टर्मिनल भवन के अलावा रनवे का विस्तार, समानांतर टैक्सी-वे, नया एप्रन और स्मार्ट ग्लास कॉरिडोर विकसित किया जा रहा है। अधिकारियों के अनुसार वर्ष 2027 तक परियोजना पूरी होने के बाद एयरपोर्ट की यात्री क्षमता में बड़ा इजाफा होगा। साथ ही इसे हरित हवाई अड्डे के रूप में विकसित किया जाएगा। इससे काशी की हवाई कनेक्टिविटी को मजबूती मिलने के साथ पर्यटन और आर्थिक गतिविधियों को भी नई गति मिलने की उम्मीद है।

