वाराणसी : 16 कोच की हो जाएगी आगरा-बनारस वंदे भारत, बढ़ जाएंगी 602 सीटें

वाराणसी। यात्रियों के लिए अच्छी खबर है। अब आगरा-बनारस वंदे भारत एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 20175/20176) 29 मई से 16 कोच के साथ संचालित की जाएगी। वर्तमान में यह ट्रेन केवल आठ कोचों के साथ चलाई जा रही है। नए बदलाव के साथ इसमें 602 अतिरिक्त सीटों की उपलब्धता होगी, जिससे यात्रियों को ज्यादा सुविधा मिलेगी और प्रतीक्षा सूची कम होगी।
वर्तमान में इस वंदे भारत एक्सप्रेस में सात चेयरकार कोच और एक एग्जिक्यूटिव कोच है, जिसमें कुल 602 सीटें हैं। प्रत्येक चेयरकार कोच में 78 सीटें और एग्जिक्यूटिव कोच में 56 सीटें होती हैं। कोचों की संख्या दोगुनी होने के साथ अब ट्रेन में कुल 1204 सीटें होंगी, जिससे ज्यादा यात्रियों को यात्रा का अवसर मिलेगा।
इसके साथ ही ट्रेन के रूट में भी बदलाव किया गया है। पहले यह ट्रेन आगरा कैंट-ईदगाह-आगरा जंक्शन-आगरा फोर्ट-यमुना ब्रिज मार्ग से गुजरती थी। अब इसे नए रूट आगरा कैंट-राजा की मंडी-आगरा सिटी-यमुना ब्रिज से चलाया जाएगा। यह बदलाव रेलवे के संचालन और यात्री सुविधा की दृष्टि से महत्वपूर्ण है।
पूर्वोत्तर रेलवे, वाराणसी मंडल के जनसंपर्क अधिकारी अशोक कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि यह परिवर्तन 29 मई से प्रभावी होगा। ट्रेन सुबह 6:00 बजे आगरा कैंट से चलकर टुंडला, इटावा, कानपुर और प्रयागराज होते हुए दोपहर 1:00 बजे वाराणसी (बनारस स्टेशन) पहुंचेगी। वापसी में यह ट्रेन अपराह्न 3:20 बजे बनारस से चलकर रात 10:20 बजे आगरा कैंट स्टेशन पहुंचेगी।
किराये की बात करें तो बनारस से आगरा के लिए चेयरकार का किराया 1500 रुपये और एग्जिक्यूटिव क्लास का किराया 2785 रुपये निर्धारित है। यात्रियों के बीच लोकप्रिय हो रही इस वंदे भारत सेवा का विस्तार यात्रियों की मांग को देखते हुए किया गया है। रेलवे का यह कदम यात्री सुविधाओं को और बेहतर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।