वाराणसी: जमीन विवाद से आहत युवक बीएसएनएल टावर पर चढ़ा, उतारने में जुटी पुलिस-फायर ब्रिगेड की टीम

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। थाना कैंट क्षेत्र में एक व्यक्ति बीएसएनएल के टावर पर चढ़ गया। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने युवक के मोबाइल नंबर पर बात की तो बताया कि उसने जमीन के विवाद से आहत होकर यह कदम उठाया है। पुलिस और फायरब्रिगेड की टीम उसे मनाकर नीचे उतारने में जुटी रही। 

कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि एक व्यक्ति बीएसएनएल टावर पर चढ़ गया है। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक कैंट पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। टावर पर चढ़े व्यक्ति की पहचान राजेश (35 वर्ष), पुत्र चंद्रबली, निवासी चंदापुर थाना चोलापुर के रूप में हुई है। राजेश के परिवार में दो बेटे और एक बेटी हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, उसका जमीन को लेकर अंकित गुप्ता नामक व्यक्ति से विवाद चल रहा है, जिससे वह मानसिक रूप से परेशान बताया जा रहा है।

मौके पर मौजूद पुलिस टीम ने दूरभाष के माध्यम से उससे संपर्क स्थापित किया और लगातार उसे समझाने का प्रयास किया। साथ ही, माइक से अनाउंसमेंट कर उसे सुरक्षित नीचे उतरने के लिए कई बार निवेदन किया गया, लेकिन वह टावर से उतरने को तैयार नहीं हुआ। पुलिस और फायर विभाग की टीम लगातार प्रयासरत रही।

Share this story