वाराणसी : पति की मौत के बाद दवा कंपनी कर्मी से हुआ प्यार, शादी का वादा टूटा तो महिला होमगार्ड ने फांसी लगाकर दी जान 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। चितईपुर थाना क्षेत्र के नेवादा (सुंदरपुर) स्थित हनुमत कृपा अपार्टमेंट में 35 वर्षीय महिला होमगार्ड अनुराधा तिवारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मौत से पहले अनुराधा ने अपने दूसरे मोबाइल फोन से व्हाट्सएप पर एक संदेश भेजा था, जिसमें दवा कंपनी में कार्यरत अजय पांडेय पर शादी का वादा करने के बाद उससे दूरी बनाने, दूसरी युवती से संबंध रखने और धमकी देने के आरोप लगाए गए थे। पुलिस ने संदेश और परिजनों की शिकायत के आधार पर अजय पांडेय और उसकी महिला साथी अंजलि सिंह को गिरफ्तार किया है।

पति की मौत के बाद हुई थी अजय से मुलाकात
अनुराधा का ससुराल अस्सी क्षेत्र में है। वह अपने पति होमगार्ड धनंजय तिवारी, बेटे और बेटी के साथ नेवादा में रहती थी। करीब तीन वर्ष पहले पति की मौत हो गई थी। इसके बाद अनुराधा को अनुकंपा के आधार पर होमगार्ड विभाग में नौकरी मिली और उसकी ड्यूटी चितईपुर थाने से लगती थी। परिजनों के मुताबिक, इसी दौरान अनुराधा की मुलाकात सारनाथ में रहकर दवा कंपनी में काम करने वाले 41 वर्षीय अजय पांडेय से हुई। अजय मूल रूप से बांदा जिले का रहने वाला है। दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और अनुराधा के मुताबिक अजय ने उससे शादी करने का वादा किया था।

123

दूसरी युवती से बातचीत को लेकर विवाद
बताया गया कि बाद में अनुराधा को अजय के मोबाइल फोन में दवा कंपनी में कार्यरत अंजलि सिंह के साथ बातचीत और तस्वीरें मिलीं। अंजलि मूल रूप से बोकारो की रहने वाली है और महमूरगंज में किराये के मकान में रहती थी। इसके बाद अनुराधा और अजय के बीच विवाद बढ़ने लगा। परिजनों का आरोप है कि अजय ने उससे दूरी बनानी शुरू कर दी और बाद में उसे धमकी भी दी गई। पुलिस इन आरोपों की जांच कर रही है।

मोबाइल में मिला संदेश
अनुराधा के पास दो मोबाइल फोन थे। बुधवार रात ड्यूटी से लौटने के बाद वह अपने कमरे में चली गई। देर रात उसके 17 वर्षीय बेटे ने दूसरे मोबाइल में व्हाट्सएप संदेश देखा। संदेश में अनुराधा ने अजय के साथ अपने संबंध, शादी के वादे और बाद में दूसरी युवती से उसके संपर्क का उल्लेख किया था। उसने अजय और अंजलि पर धमकी देने का आरोप भी लगाया था। इसके बाद बेटे ने परिवार और आसपास के लोगों को जानकारी दी। सूचना पर पहुंची चितईपुर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मोबाइल में मिले संदेशों समेत अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की और अजय व अंजलि को गिरफ्तार कर लिया।

आर्थिक लेनदेन की भी जांच
परिजनों ने अजय पर अनुराधा के पति की मौत के बाद मिले विभागीय रुपये तथा अनुराधा के नाम पर लिए गए ऋण की रकम से जुड़े आर्थिक लेनदेन में अनियमितता के आरोप भी लगाए हैं। बताया गया कि अनुराधा ऋण की किस्त जमा करती थी। पुलिस इन आरोपों की भी जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार, अजय और अनुराधा के बीच संबंध, शादी के वादे, अंजलि से संपर्क, कथित धमकी और आर्थिक लेनदेन से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। अनुराधा अपने पीछे 17 वर्षीय बेटे और छह वर्षीय बेटी को छोड़ गई है।

Share this story