वाराणसी : 2 साल 8 महीने के कार्यकाल के बाद मोहित अग्रवाल को भावभीनी विदाई, अधिकारियों ने कार्यप्रणाली को सराहा, गिनाईं उपलब्धियां

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। वाराणसी पुलिस कमिश्नरेट में दो साल आठ महीने तक पुलिस आयुक्त की जिम्मेदारी संभालने वाले मोहित अग्रवाल को रविवार को भावभीनी विदाई दी गई। ताज होटल में आयोजित विदाई समारोह में पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों ने उनके कार्यकाल को उपलब्धियों, नवाचारों, बेहतर प्रशासनिक समन्वय और जनोन्मुखी पुलिसिंग का महत्वपूर्ण अध्याय बताया। समारोह में उनके नेतृत्व में कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, साइबर अपराध के खिलाफ कार्रवाई, यातायात सुधार, पुलिसकर्मियों के कल्याण और पुलिस अवसंरचना के विकास के लिए किए गए कार्यों की सराहना की गई। अधिकारियों ने सम्मान और आत्मीयता के प्रतीक के रूप में उनकी गाड़ी को स्वयं धक्का देकर रवाना किया। 

रविवार को आयोजित समारोह में मंडलायुक्त के. विजयेन्द्र पांडियन, अपर पुलिस महानिदेशक वाराणसी जोन नवीन अरोरा, नवनियुक्त पुलिस आयुक्त किरण एस., पुलिस उपमहानिरीक्षक वाराणसी परिक्षेत्र वैभव कृष्ण, जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार और अपर पुलिस आयुक्त (कानून-व्यवस्था एवं मुख्यालय) शिवहरी मीणा सहित पुलिस एवं प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। सभी ने मोहित अग्रवाल को पुष्पगुच्छ भेंट कर और माल्यार्पण कर सम्मानित किया। साथ ही उनकी नवीन तैनाती और आगामी कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं।

123

महाकुंभ में 10 करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं के प्रबंधन में निभाई अहम भूमिका
अधिकारियों ने मोहित अग्रवाल के कार्यकाल की प्रमुख उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि वाराणसी में धार्मिक, सांस्कृतिक, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय महत्व के बड़े आयोजनों को सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने में उन्होंने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। महाकुंभ-2025 के दौरान 10 करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं के आवागमन के बीच सुगम दर्शन, सुरक्षा और यातायात प्रबंधन में वाराणसी पुलिस ने प्रभावी भूमिका निभाई। वहीं, अक्टूबर 2026 में आयोजित एयर शो के दौरान 25 लाख से अधिक लोगों की भीड़ और यातायात का कुशल प्रबंधन कर पुलिस ने अपनी आयोजन क्षमता का परिचय दिया। लोकसभा और एमएलसी चुनाव-2024 को भी शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने में उनके नेतृत्व की सराहना की गई।

123

125 से अधिक अपराधी मुठभेड़ में पकड़े गए
अपराध नियंत्रण के मोर्चे पर उनके कार्यकाल को प्रभावी बताया गया। जीरो टॉलरेंस नीति के तहत अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई। पुलिस मुठभेड़ों में 125 से अधिक अपराधियों को घायल किया गया। संगठित अपराध, देह व्यापार, जुआ और गो-तस्करी जैसे अपराधों के नेटवर्क पर प्रहार के लिए एसओजी-2 का गठन किया गया। साइबर अपराध के खिलाफ चलाए गए अभियानों में 200 से अधिक साइबर अपराधियों की गिरफ्तारी हुई और आधा दर्जन से अधिक अवैध कॉल सेंटर का भंडाफोड़ किया गया। तकनीकी संसाधनों और विशेष अभियानों के जरिए साइबर अपराधियों पर शिकंजा कसा गया। वर्ष 2026 में साइबर अपराधों में लगभग 35 प्रतिशत की कमी दर्ज किए जाने को भी महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया गया।

123
ई-रिक्शा बारकोड से लेकर नो-व्हीकल जोन तक किए प्रयोग
शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के लिए भी कई अभिनव प्रयोग किए गए। ई-रिक्शा के संचालन को व्यवस्थित करने के लिए बारकोड प्रणाली लागू की गई। प्रमुख क्षेत्रों में नो-व्हीकल जोन विकसित किए गए और अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया गया। श्री काशी विश्वनाथ मंदिर के आसपास यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने, प्रमुख मार्गों पर यू-टर्न व्यवस्था लागू करने और पार्किंग स्थलों के लिए येलो एवं ग्रीन लाइन जैसी व्यवस्थाएं विकसित करने की पहल की गई। अधिकारियों ने कहा कि तकनीक और जनसहभागिता के माध्यम से यातायात सुधार की दिशा में किए गए प्रयासों का सकारात्मक प्रभाव देखने को मिला।

123
पुलिसकर्मियों के कल्याण और आधारभूत सुविधाओं पर दिया जोर
मोहित अग्रवाल ने अपने कार्यकाल में पुलिसकर्मियों के कल्याण को भी प्राथमिकता दी। पुलिस लाइन को आधुनिक और सुव्यवस्थित बनाने के लिए जिम, बैडमिंटन हॉल, पार्क सहित अन्य सुविधाओं का विकास कराया गया। पुलिसकर्मियों के स्वास्थ्य, आवास, मनोरंजन और बेहतर कार्य वातावरण पर विशेष ध्यान दिया गया। इसके अलावा चार नए थानों के निर्माण, पुलिस आवासीय टावरों और नवीन पुलिस कमिश्नरेट भवन के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य किए गए।


70वें स्थान से शीर्ष पांच कमिश्नरेट में पहुंचा वाराणसी
मुख्यमंत्री डैशबोर्ड की रैंकिंग में कमिश्नरेट वाराणसी को लगभग 70वें स्थान से लगातार प्रदेश के शीर्ष पांच कमिश्नरेट में स्थान दिलाने में उनके योगदान को भी रेखांकित किया गया। जनशिकायतों के गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण पर विशेष जोर दिया गया। इसके साथ ही 100 से अधिक वीवीआईपी दौरों और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय महत्व के कार्यक्रमों में सुरक्षा, यातायात एवं प्रोटोकॉल व्यवस्था का सफल संचालन किया गया। पुलिसकर्मियों को सॉफ्ट स्किल और व्यवहार प्रशिक्षण देकर संवेदनशील, जवाबदेह और नागरिक-केंद्रित पुलिसिंग को बढ़ावा देने के प्रयास भी किए गए।


आईआईएम मुंबई का विशिष्ट पूर्व छात्र सम्मान और उत्कृष्ट सेवा पदक
लोकसेवा एवं प्रशासनिक क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए मोहित अग्रवाल को आईआईएम मुंबई की ओर से Distinguished Alumni Award (विशिष्ट पूर्व छात्र सम्मान) प्रदान किया गया। इसके अलावा गृह मंत्रालय, भारत सरकार की ओर से भी उन्हें उत्कृष्ट सेवा पदक से सम्मानित किया गया। अधिकारियों ने इन सम्मानों को उनकी कर्तव्यनिष्ठा, कार्यक्षमता और लोकसेवा के प्रति समर्पण का प्रमाण बताया।


गाड़ी को धक्का देकर दी विदाई, भावुक हुए अधिकारी
समारोह के दौरान अधिकारियों ने मोहित अग्रवाल के साथ काम करने के अनुभव साझा किए। उनके कुशल नेतृत्व, त्वरित निर्णय क्षमता, अनुशासन, पारदर्शिता, प्रशासनिक समन्वय और सहयोगात्मक व्यवहार की मुक्तकंठ से सराहना की गई। अधिकारियों ने कहा कि उनके कार्यकाल में वाराणसी पुलिस ने परंपरागत पुलिसिंग के साथ तकनीक, नवाचार और जनसहभागिता को जोड़कर काम करने की नई दिशा प्राप्त की। विदाई समारोह का सबसे यादगार दृश्य उस समय सामने आया, जब अधिकारियों ने स्नेह और सम्मान जताते हुए उनकी गाड़ी को स्वयं धक्का देकर विदा किया। यह दृश्य उनके प्रति पुलिस और प्रशासनिक परिवार के गहरे जुड़ाव और आत्मीयता का प्रतीक बन गया।

BK Pathak
BK Pathak

22106 Articles

Beerkeshwar Pathak Journalist Beerkeshwar Pathak, who entered the field of journalism in 2015, has nearly a decade of experience in print and digital media. He holds a postgraduate diploma in journalism and has established his reputation through reporting at prestigious media outlets like Amar Ujala, Hindustan, and Dainik Jagran. He has a special interest and expertise in reporting on political and social issues, news analysis, and editing, along with eventful news. He currently serves as an editor at Live VNS, a leading digital news platform in Varanasi. In this role, he is contributing to reshaping digital journalism and delivering important information to readers through factual and reliable news. Factual investigation of news and effective editing are key aspects of his journalism.

Share this story