वाराणसी : श्रावण से पहले अलर्ट मोड में प्रशासन, पुलिस कमिश्नर व डीएम ने कांवड़ यात्रा का किया निरीक्षण, दिए निर्देश
वाराणसी। आगामी श्रावण मास में निकलने वाली कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, सुचारु और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। इसी क्रम में शनिवार को पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल और जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ कांवड़ यात्रा मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं के लिए की जा रही तैयारियों का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

अधिकारीद्वय ने गुड़िया ठठरा, मिर्जामुराद, मोहन सराय, जगतपुर, रोहनिया और चांदपुर सहित प्रमुख कांवड़ यात्रा मार्गों का निरीक्षण किया। इस दौरान सड़क की स्थिति, साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग, शौचालय, चिकित्सा सहायता केंद्र, एंबुलेंस, पार्किंग, विश्राम स्थल, विद्युत आपूर्ति और यातायात प्रबंधन जैसी व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की गई। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी तैयारियां पूरी कर ली जाएं और किसी भी प्रकार की कमी न रहने पाए।

जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अधिकारियों को विशेष निर्देश देते हुए कहा कि कांवड़ यात्रा मार्ग पूरी तरह गड्ढामुक्त और सुगम होना चाहिए। जहां भी सड़क क्षतिग्रस्त है या गड्ढे हैं, वहां तत्काल मरम्मत कराई जाए। साथ ही जलभराव वाले स्थानों की पहचान कर उनका शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी तरह की असुविधा न हो।

निरीक्षण के दौरान विद्युत विभाग को भी आवश्यक निर्देश दिए गए। अधिकारियों से कहा गया कि यात्रा अवधि में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए तथा खुले या जर्जर विद्युत तारों को तत्काल दुरुस्त किया जाए, जिससे किसी भी प्रकार की दुर्घटना की संभावना न रहे। पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने सुरक्षा व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, सीसीटीवी निगरानी और प्रभावी यातायात डायवर्जन योजना लागू करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़ा पर्व है और प्रशासन का उद्देश्य प्रत्येक श्रद्धालु को सुरक्षित, सुगम एवं सुविधाजनक यात्रा उपलब्ध कराना है।

उन्होंने सभी विभागों से आपसी समन्वय के साथ कार्य करने, व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी करने तथा यात्रा अवधि के दौरान लगातार भ्रमण कर किसी भी समस्या का तत्काल समाधान सुनिश्चित करने को कहा। निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस आयुक्त, एडीएम सिटी सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। प्रशासन का कहना है कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते पूरी कर ली जाएंगी।

