राज्यपाल और मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर वाराणसी प्रशासन हाई अलर्ट, संवेदनशील इलाकों में विशेष सतर्कता, ड्रोन से होगी निगरानी

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल तथा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रस्तावित वाराणसी दौरे को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। इसी क्रम में पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने रविवार को कमिश्नरेट सभागार में अधिकारियों एवं कर्मचारियों की विस्तृत ब्रीफिंग कर सुरक्षा, यातायात एवं भीड़ प्रबंधन व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। संवेदनशील इलाकों में विशेष सतर्कता बरती जाएगी। वहीं वीवीआईपी मूवमेंट वाले इलाकों में ड्रोन से निगरानी होगी। 

ब्रीफिंग के दौरान पुलिस आयुक्त ने कहा कि वीआईपी कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने निर्देशित किया कि वीआईपी मूवमेंट के दौरान निर्बाध यातायात बनाए रखने के लिए पूर्व निर्धारित रूट डायवर्जन योजना को प्रभावी ढंग से लागू किया जाए। साथ ही जाम की स्थिति उत्पन्न न हो, इसके लिए प्रमुख चौराहों एवं संवेदनशील मार्गों पर सतत निगरानी सुनिश्चित की जाए।

पुलिस आयुक्त ने कार्यक्रम स्थल पर आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की सघन चेकिंग और फ्रिस्किंग कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वीवीआईपी मार्ग पर गुजरने वाले प्रत्येक वाहन और संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जाए। सुरक्षा में तैनात सभी पुलिसकर्मियों को पूर्व ब्रीफिंग के माध्यम से उनकी जिम्मेदारियां स्पष्ट रूप से समझाई जाएं और ड्यूटी के दौरान पूर्ण सतर्कता बरती जाए।

भीड़ प्रबंधन को लेकर भी विशेष दिशा-निर्देश जारी किए गए। पुलिस आयुक्त ने कहा कि कार्यक्रम स्थल के आसपास अस्थायी पार्किंग की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा वीआईपी मार्ग पर किसी भी वाहन को खड़ा न होने दिया जाए। उन्होंने “नो टच पॉलिसी” का सख्ती से पालन कराने और महिला संबंधित चेकिंग एवं प्रबंधन केवल महिला पुलिसकर्मियों द्वारा कराए जाने के निर्देश दिए।

इसके अलावा ड्यूटी में लगे अधिकारी एवं कर्मचारियों को पर्याप्त संख्या में रस्सियां, लाउड हेलर और पीए सिस्टम साथ रखने तथा भीड़ नियंत्रण में उनका प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने को कहा गया। कार्यक्रम स्थल और वीआईपी मार्ग को पूर्ण रूप से “नो फ्लाई जोन” घोषित करते हुए ड्रोन अथवा अन्य उड़ने वाली वस्तुओं के संचालन पर प्रतिबंध लगाने के निर्देश भी दिए गए।

सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए संवेदनशील स्थानों पर रूफटॉप ड्यूटी लगाने तथा कंट्रोल रूम के माध्यम से सीसीटीवी और ड्रोन कैमरों से लगातार निगरानी रखने को कहा गया। पुलिस आयुक्त ने नव नियुक्त आरक्षियों को वरिष्ठ एवं अनुभवी कर्मचारियों के साथ तैनात करने तथा उन्हें पूर्व में आवश्यक प्रशिक्षण और ब्रीफिंग देने के निर्देश भी दिए।

उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों से ड्यूटी स्थल पर निर्धारित समय से पूर्व अच्छे टर्न-आउट में पहुंचने तथा आमजन के साथ विनम्र, शालीन और संवेदनशील व्यवहार बनाए रखने की अपेक्षा की। ब्रीफिंग के दौरान अपर पुलिस आयुक्त कानून-व्यवस्था एवं मुख्यालय शिवहरी मीणा, अपर पुलिस आयुक्त अपराध आलोक प्रियदर्शी सहित समस्त राजपत्रित अधिकारी, थाना प्रभारी एवं अन्य पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।

Share this story