वाराणसी में एयर शो की तैयारियों को लेकर प्रशासन अलर्ट, सात दिन तक संयुक्त टीम करेगी निरीक्षण
भीड़ प्रबंधन पर मंथन, 22 से 25 अक्टूबर तक एयर शो की तैयारियां, अंतिम दिन पीएम मोदी के शामिल होने की संभावना
वाराणसी। काशी में प्रस्तावित एयर शो को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कार्यक्रम में करीब 20 लाख लोगों के जुटने की संभावना को देखते हुए भीड़ प्रबंधन, यातायात, पार्किंग और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर शुक्रवार को अधिकारियों ने मंथन किया। तय किया गया कि अगले सात दिनों तक रक्षा मंत्रालय, एयरफोर्स और जिला प्रशासन की संयुक्त टीम कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर तैयारियों को अंतिम रूप देगी।
काशी में होने वाले एयर शो में प्रयागराज से भी अधिक भीड़ जुटने की संभावना जताई जा रही है। इसे देखते हुए गंगा के उस पार रेती क्षेत्र को मुख्य दर्शक क्षेत्र के तौर पर विकसित करने पर मंथन किया जा रहा है। तीन दिवसीय एयर शो में जुटने वाली भीड़ के प्रबंधन को लेकर शुक्रवार को सर्किट हाउस में एयरफोर्स और जिला प्रशासन के अधिकारियों की चौथी संयुक्त बैठक हुई।
बैठक में तय किया गया कि अगले सात दिनों तक रक्षा मंत्रालय, एयरफोर्स और जिला प्रशासन के अधिकारी कार्यक्रम स्थल का संयुक्त निरीक्षण करेंगे और तैयारियों को अंतिम रूप देंगे। घाटों की जर्जर स्थिति और बाढ़ के बाद सफाई की चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए गंगा पार रेती पर बैठने की व्यवस्था को लेकर भी चर्चा की गई।
20 अक्टूबर से अभ्यास, अंतिम दिन पीएम के आने की संभावना
काशी में 22 से 25 अक्टूबर तक होने वाले एयर शो के लिए 20 अक्टूबर से अभ्यास शुरू होने की योजना है। अंतिम दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि, उनके कार्यक्रम को लेकर आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
शहर में पार्किंग और यातायात व्यवस्था पर जोर
बैठक में शहर में पार्किंग, आवागमन और आपात स्थिति से निपटने की व्यवस्था पर भी चर्चा हुई। एयर शो के दौरान सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण को लेकर विस्तृत योजना तैयार की जा रही है। कार्यक्रम स्थल तक लोगों के पहुंचने और वहां से लौटने की व्यवस्था पर भी मंथन किया गया। बैठक में मंडलायुक्त एस. राजलिंगम, पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल, जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

