वाराणसी : सावन से पहले प्रशासन अलर्ट, कांवड़ यात्रा मार्ग पर सुरक्षा और यातायात व्यवस्था का लिया गया जायजा

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। सावन माह में शुरू होने वाली कांवड़ यात्रा को सकुशल और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस और प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में शनिवार को अपर पुलिस आयुक्त शिव हरी मीणा ने मोहनसराय, राजातालाब, मिर्जामुराद होते हुए गुड़िया और वाराणसी-भदोही बॉर्डर तक कांवड़ यात्रा मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, रूट डायवर्जन, विश्राम स्थलों और अन्य आवश्यक सुविधाओं की समीक्षा की।

अपर पुलिस आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि कांवड़ियों की सुविधा और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी की जाएं। उन्होंने बताया कि हर वर्ष की तरह इस बार भी नेशनल हाईवे की एक लेन कांवड़ियों के लिए आरक्षित रखने की योजना बनाई जा रही है, ताकि श्रद्धालुओं की आवाजाही निर्बाध बनी रहे और सामान्य यातायात भी सुचारु रूप से संचालित हो सके।

निरीक्षण के दौरान यात्रा मार्ग पर सीसीटीवी कैमरों की निगरानी, सड़क मरम्मत, स्ट्रीट लाइट, बैरिकेडिंग और आवश्यक संकेतक लगाने के कार्यों की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि सभी तैयारियां निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरी कर ली जाएं। इस दौरान डीसीपी गोमती नीतू कादयान, एडीसीपी नृपेंद्र, एडीसीपी ट्रैफिक अंशुमान मिश्रा, एसीपी राजातालाब वीर सिंह सहित अन्य पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

Share this story