वाराणसी : नवरात्र को लेकर प्रशासन अलर्ट, अपर पुलिस आयुक्त ने शैलपुत्री मंदिर में परखी सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी और रूट डायवर्जन लागू करने के निर्देश
वाराणसी। नवरात्र के दौरान मां शैलपुत्री मंदिर में श्रद्धालुओं की संभावित भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने की तैयारी तेज कर दी है। इसी क्रम में अपर पुलिस आयुक्त कानून-व्यवस्था एवं मुख्यालय शिवहरी मीणा ने मंदिर परिसर का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को श्रद्धालुओं के लिए सुरक्षित और सुगम दर्शन-पूजन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान पुलिस उपायुक्त काशी जोन गौरव बंसवाल, एडीएम सिटी राजेश कुमार तथा थाना प्रभारी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। अपर पुलिस आयुक्त ने मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में भीड़ प्रबंधन पर विशेष ध्यान देने को कहा। उन्होंने प्रवेश और निकास के लिए अलग-अलग मार्ग निर्धारित करने, पर्याप्त बैरिकेडिंग लगाने तथा संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि भीड़ पर प्रभावी निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरों और कंट्रोल रूम की व्यवस्था दुरुस्त रखी जाए। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पार्किंग स्थल निर्धारित करने और आवश्यकता के अनुसार यातायात डायवर्जन लागू करने की तैयारी भी पूरी रखी जाए, ताकि जाम की स्थिति न बने।

अपर पुलिस आयुक्त ने संदिग्ध व्यक्तियों और लावारिस वस्तुओं पर विशेष नजर रखने के साथ महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए महिला पुलिसकर्मियों की पर्याप्त तैनाती करने पर जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ सतर्कता बरतने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने को कहा।

