वाराणसी : पत्रक सौंपकर चौकी इंचार्ज पर दुर्व्यवहार का लगाया आरोप, एसीपी ने जांच के दिए निर्देश
वाराणसी। बीएचयू के लंगा गेट पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन के अधिकार की मांग और चौकी इंचार्ज पर दुर्व्यवहार का आरोप लगाते हुए छात्रों, क्वीर समुदाय और नागरिक समाज के प्रतिनिधिमंडल ने एसीपी भेलूपुर को ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित करने की मांग उठाई। एसीपी ने मामले की जांच के आदेश दिए।
ज्ञापन में कहा गया कि बीएचयू का लंका गेट लंबे समय से छात्रों और नागरिकों के शांतिपूर्ण विरोध-प्रदर्शनों का प्रमुख स्थल रहा है, लेकिन हाल के दिनों में पुलिस प्रशासन द्वारा वहां प्रदर्शन पर रोक लगा दी गई है। इसे मौलिक अधिकारों के विरुद्ध बताते हुए प्रतिनिधिमंडल ने इस निर्णय को वापस लेने की मांग की।
प्रतिनिधिमंडल ने 5 अप्रैल को आयोजित एक शांतिपूर्ण प्रदर्शन का भी उल्लेख किया, जो ‘ट्रांसजेंडर व्यक्ति (अधिकारों का संरक्षण) संशोधन अधिनियम, 2026’ के विरोध में किया गया था। आरोप है कि इस दौरान मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों, विशेषकर सीर गोवर्धन चौकी इंचार्ज सौरभ तिवारी ने प्रदर्शनकारियों के साथ अभद्र व्यवहार किया। प्रदर्शनकारियों के प्लेकार्ड छीने गए और क्वीर समुदाय के सदस्यों के साथ कथित रूप से आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग किया गया।
इन आरोपों को गंभीरता से लेते हुए एसीपी भेलूपुर ने मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि जांच के आधार पर उचित कार्रवाई की जाएगी और यदि कोई दोषी पाया जाता है, तो उसके खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे। प्रतिनिधिमंडल ने उम्मीद जताई है कि प्रशासन लोकतांत्रिक मूल्यों का सम्मान करते हुए शांतिपूर्ण प्रदर्शन के अधिकार को बहाल करेगा और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति नहीं होगी।

