वाराणसी : 25 लाख की रंगदारी मांगने का आरोप, घर पहुंचकर दी धमकी, FIR दर्ज
वाराणसी। चितईपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत महामनापुरी कॉलोनी में एक व्यक्ति से 25 लाख रुपये की रंगदारी मांगने और जान से मारने की धमकी देने का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने दो नामजद सहित अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित सोमनाथ पांडेय ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया है कि गाजीपुर जनपद के रेवतीपुर थाना क्षेत्र स्थित उधरनपुर निवासी सुभाष राय उर्फ चिंटू, विजय सिंह और उनके कुछ सहयोगी उनके घर पहुंचे और धमकी दी। आरोप है कि इन लोगों ने पुराने मुकदमे में समझौता करने का दबाव बनाते हुए 25 लाख रुपये की रंगदारी की मांग की।
शिकायत के अनुसार, सुभाष राय के खिलाफ लगभग दो वर्ष पूर्व सोमनाथ पांडेय द्वारा 17 लाख 50 हजार रुपये की धोखाधड़ी के आरोप में मामला दर्ज कराया गया था। इस प्रकरण में पुलिस द्वारा विवेचना पूरी कर चार्जशीट भी न्यायालय में दाखिल की जा चुकी है। आरोप है कि इसी पुराने विवाद को लेकर अब आरोपित लगातार पीड़ित पर मुकदमा वापस लेने या समझौता करने का दबाव बना रहे हैं।
पीड़ित का कहना है कि आरोपियों ने घर पर पहुंचकर न केवल गाली-गलौज और अभद्र व्यवहार किया, बल्कि गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दी। इस घटना के बाद से परिवार में भय और दहशत का माहौल बना हुआ है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए चितईपुर पुलिस ने तहरीर के आधार पर सुभाष राय उर्फ चिंटू, विजय सिंह और अन्य अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में रंगदारी मांगने, धमकी देने और आपराधिक षड्यंत्र का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
इस संबंध में चितईपुर थाना प्रभारी राकेश गौतम ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस सभी पहलुओं पर साक्ष्य संकलन कर रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

