वाराणसी : करोड़ों की ठगी और उत्पीड़न कर युवती को आत्महत्या के लिए उकसाया, आरोपी गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। गंभीर धोखाधड़ी और उत्पीड़न के मामले में थाना कैंट पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। करोड़ों रुपये की ठगी करने और एक युवती को आत्महत्या के लिए मजबूर करने के आरोप में वांछित शातिर अपराधी सूरज कुमार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को मंगलवार को डीएम कम्पाउंड के पास स्थित फुलवरिया इलाके से पकड़ा गया।

पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त के निर्देश और वरुणा जोन के अधिकारियों के पर्यवेक्षण में चलाए जा रहे “जीरो टॉलरेंस” अभियान के तहत की गई। प्रभारी निरीक्षक शिवाकांत मिश्र के नेतृत्व में गठित टीम ने लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी को पकड़ने में सफलता हासिल की।

गिरफ्तार आरोपी सूरज कुमार मूल रूप से इंद्रा चौक, बेतिया (पश्चिमी चंपारण, बिहार) का निवासी है। उसके खिलाफ वाराणसी के विभिन्न थानों में कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। इनमें सिगरा, कैंट, रोहनिया और भेलूपुर थानों में दर्ज मामले शामिल हैं, जो धोखाधड़ी, उत्पीड़न और अन्य गंभीर धाराओं से संबंधित हैं।

मामले का खुलासा 16 अप्रैल को हुआ, जब वादिनी ने अपनी बहन की आत्महत्या के संबंध में थाना कैंट में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में आरोप लगाया गया कि सूरज कुमार समेत चार लोगों सतीश कुमार भारती, ममता जायसवाल और विष्णु जायसवाल ने मिलकर मृतका को लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित किया, जिसके चलते उसने आत्महत्या जैसा कदम उठाया। इस मामले में पहले ही विष्णु जायसवाल को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी सूरज कुमार न केवल ठगी के मामलों में लिप्त था, बल्कि पीड़िता को लंबे समय तक परेशान भी करता रहा। उसके खिलाफ कई जगहों पर दबिश दी जा रही थी, लेकिन वह लगातार पुलिस से बचता फिर रहा था। आखिरकार पुलिस टीम ने सटीक सूचना के आधार पर उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक शिवाकांत मिश्र के साथ उपनिरीक्षक शान्तनु मिश्रा, कांस्टेबल राजू शाह, हेड कांस्टेबल चन्द्रमा प्रसाद शर्मा, कांस्टेबल सत्यप्रकाश यादव और आरक्षी चंद्र प्रताप भट्ट शामिल रहे।

Share this story