वाराणसी : रेलवे में नौकरी दिलाने के नाम पर झंस लिए 76 हजार, आरोपी गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। रेलवे में नौकरी दिलाने का झांसा देकर 76 हजार रुपये की ठगी करने वाले एक आरोपी को वाराणसी साइबर क्राइम थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी गाजीपुर के देवकली थाना क्षेत्र के महमूदपुर हथिनी निवासी लवकुश यादव को सोमवार रात सारनाथ क्षेत्र से पकड़ा गया। मंगलवार को उसे मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (सीजेएम) कोर्ट में पेश किया गया, जहां से न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, भुक्तभोगी पूजा ने प्रतिबिंब पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि एक व्यक्ति ने खुद को रेलवे कर्मचारी बताते हुए नौकरी दिलाने का भरोसा दिया और विभिन्न बहानों से 76 हजार रुपये अपने खाते में ट्रांसफर करा लिए। रकम लेने के बाद आरोपी ने न तो नौकरी दिलाई और न ही पैसे लौटाए।

मामले की जांच के दौरान साइबर क्राइम टीम ने मोबाइल नंबर की कॉल डिटेल, बैंकिंग लेन-देन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की जांच की। इसके आधार पर आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपी के मोबाइल फोन को कब्जे में लेकर उसकी डिजिटल गतिविधियों की भी जांच शुरू कर दी है।

थाना प्रभारी पंकज त्रिपाठी ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि उसने इसी तरह अन्य लोगों को भी नौकरी का झांसा देकर ठगी तो नहीं की है। पुलिस लोगों से अपील कर रही है कि नौकरी दिलाने के नाम पर किसी अनजान व्यक्ति के झांसे में न आएं और किसी भी प्रकार का भुगतान करने से पहले पूरी तरह सत्यापन अवश्य करें।

Share this story