वाराणसी : तोफापुर में मोबाइल टावर पर चढ़ा युवक, एक घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस ने सुरक्षित उतारा

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। चौबेपुर थाना क्षेत्र के तोफापुर गांव में शनिवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक मोबाइल टावर पर चढ़ गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद युवक को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया।

गांव निवासी 28 वर्षीय ऋषि चौहान अचानक मोबाइल टावर पर चढ़ गया और वहां से पैसे की मांग करने लगा। युवक का कहना था कि जब तक उसे पैसे नहीं दिए जाएंगे, वह नीचे नहीं उतरेगा। इस घटना को देखकर आसपास के लोग दहशत में आ गए और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना पर पहुंची चौबेपुर पुलिस ने स्थिति को गंभीरता से लेते हुए युवक को शांत करने का प्रयास शुरू किया। पुलिसकर्मियों और ग्रामीणों ने संयम बरतते हुए उसे लगातार समझाया और नीचे उतरने के लिए मनाया। करीब एक घंटे तक चले प्रयास के बाद युवक उनकी बात मान गया और सुरक्षित नीचे उतर आया।

ग्रामीणों के अनुसार, ऋषि चौहान नशे का आदी है और उसकी मानसिक स्थिति भी सामान्य नहीं रहती। बताया जा रहा है कि वह पहले भी इस तरह की हरकतें कर चुका है, जिससे गांव के लोग चिंतित रहते हैं।

मौके पर मौजूद चौकी प्रभारी महेश कुमार मिश्रा ने बताया कि युवक मानसिक रूप से अस्थिर प्रतीत हो रहा था। उसे किसी तरह समझाकर सुरक्षित नीचे उतारा गया है। उन्होंने परिवार के लोगों को युवक पर विशेष ध्यान देने और उसका उचित इलाज कराने की सलाह दी है। घटना के बाद गांव में चर्चा का माहौल बना हुआ है, वहीं पुलिस की सतर्कता और सूझबूझ से एक बड़ा हादसा टल गया।

Share this story