वाराणसी : गोली लगने से घायल युवक की इलाज के दौरान मौत, घटना के 12 दिन बाद पुलिस को पता चला, मुकदमा दर्ज, तीन हिरासत में
वाराणसी। शिवपुर थाना क्षेत्र के गिलट बाजार पुलिस चौकी अंतर्गत स्थित एक लॉन में 26 जुलाई की रात हुई गोली लगने से घायल युवक 22 वर्षीय सौरभ सेठ की ट्रॉमा सेंटर में उपचार के दौरान मौत हो गई। युवक की मौत के बाद परिजनों ने पुलिस को तहरीर दी, जिसके आधार पर शिवपुर थाने में मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी है। पुलिस लॉन संचालक समेत तीन को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
पुलिस के अनुसार, घटना के समय गोली लगने की सूचना स्थानीय पुलिस को नहीं दी गई थी। घायल युवक का उपचार कराया जाता रहा, लेकिन पूरे घटनाक्रम को पुलिस और समाज से छिपाकर रखा गया। मामले का खुलासा तब हुआ, जब लंका थाना पुलिस के माध्यम से शिवपुर पुलिस को इस घटना की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस ने जांच तेज करते हुए घटनास्थल और अन्य पहलुओं की पड़ताल शुरू कर दी।
प्रारंभिक जांच में कई तरह की चर्चाएं सामने आ रही हैं। कुछ लोगों का कहना है कि युवक अपने दोस्तों के साथ था और इसी दौरान कथित तौर पर पिस्टल की जांच करते समय अचानक गोली चल गई। वहीं, कुछ लोग इसे आत्महत्या की आशंका से जोड़ रहे हैं। एक अन्य चर्चा यह भी है कि किसी हवाई फायरिंग के दौरान निकली गोली सौरभ को लग गई थी। हालांकि पुलिस ने अभी तक इनमें से किसी भी दावे की पुष्टि नहीं की है।

