वाराणसी :  देर रात अचेत अवस्था में मिला युवक, मुंह से निकल रहा था झाग, पुलिस ने गंभीर हालत में बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में कराया भर्ती 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। लोहता थाना क्षेत्र में मानवता और संवेदनशील पुलिसिंग की मिसाल देखने को मिली, जहां अज्ञात हालत में मिले एक युवक की जान बचाने के लिए पुलिसकर्मी रातभर उसके साथ डटे रहे। युवक की हालत गंभीर बनी हुई है और उसका इलाज BHU ट्रामा सेंटर में चल रहा है।

लोहता थाना क्षेत्र की अकेलवा चौकी अंतर्गत बनकट गांव के समीप देर रात एक अज्ञात व्यक्ति अचेत अवस्था में पड़ा मिला। स्थानीय लोगों ने जब युवक के मुंह से झाग निकलते देखा तो तत्काल डायल 112 पर सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बिना देर किए युवक को मंडलीय अस्पताल पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने उसे BHU ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया।

बताया जा रहा है कि युवक की उम्र लगभग 35 से 40 वर्ष के बीच है। उसके पास से कोई पहचान पत्र या अन्य दस्तावेज नहीं मिला है, जिससे उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी है। पुलिस को घटनास्थल से कीटनाशक दवा की एक बोतल भी बरामद हुई है। प्रथम दृष्टया मामला जहरीला पदार्थ या कीटनाशक दवा पीने का माना जा रहा है।

लोहता थानाध्यक्ष दिगम्बर उपाध्याय ने बताया कि युवक की जान बचाना पुलिस की पहली प्राथमिकता है। इसी को ध्यान में रखते हुए BHU ट्रामा सेंटर में दो पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। सिपाही सुरेंद्र यादव सहित अन्य पुलिसकर्मी युवक की देखभाल में जुटे हुए हैं और परिजन की तरह अस्पताल में मौजूद रहकर उपचार में सहयोग कर रहे हैं। इतना ही नहीं, पुलिसकर्मी अपने स्तर से आर्थिक सहायता भी उपलब्ध करा रहे हैं ताकि इलाज में किसी प्रकार की कमी न हो।

पुलिस युवक की पहचान कराने के प्रयास में जुटी है। युवक ने नीली चेकदार शर्ट, काला पैंट और केसरिया गमछा पहन रखा है। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति इस हुलिए के युवक को पहचानता हो तो तत्काल लोहता थाने से संपर्क करे।

Share this story